– 300 ईंट भट्ठा में से सौ भट्ठा मालिकों ने अभी तक जमा नहीं की रायल्टी
– नोटिस देने के बावजूद बरत रहे लापरवाही, अब होगी विभागीय कार्रवाई
– मिट्टी खनन के एवज में सलाना 80 से 90 हजार रुपये जमा करनी होती है रायल्टी
मीरजापुर (हि.स.)। मिट्टी खनन रायल्टी जमा न करना ईंट भट्टा मालिकों को भारी पड़ेगा। मीरजापुर के सौ ईंट भट्टा मालिकों को आरसी जारी की जाएगी। आरोप है कि इन्होंने एक वर्ष तक की गई मिट्टी खनन की रायल्टी अभी तक खनिज विभाग में जमा नहीं की है। नोटिस देने के बावजूद यह लापरवाही बरत रहे हैं। अब इनके खिलाफ आरसी जारी की जाएगी।
जनपद में कुल 300 ईंट भट्ठा है। इसमें सदर तहसील के जिगनौड़ी, पिपराडाड़, रामनगर सिकरी, छानबे, भटौली, मझवां व चुनार तहसील क्षेत्र के अदलहाट, चुनार, नारायनपुर सहित अन्य स्थान शामिल हैं। ईंट भट्ठे मिट्टी का खनन कर ईंट पथाई होती है। इसके एवज में खनिज विभाग को एक वर्ष की 80 से 90 हजार रुपये के लगभग रायल्टी जमा करना होता है। 300 ईंट भट्ठों में से लगभग 200 भट्ठा मालिकों ने रायल्टी जमा कर दी है। जबकि कई माह बाद भी सौ भट्ठा मालिकों ने अभी तक रायल्टी जमा नहीं की है। रायल्टी जमा करने के लिए खनिज विभाग की ओर से उनको नोटिस भी जारी किया जा चुका है। अब इनके खिलाफ आरसी जारी की जाएगी।
खान अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि जिले के लगभग सौ ईंट भट्ठा मालिकों ने एक वर्ष में लगने वाली रायल्टी जमा नहीं किया है। इसके लिए उनको नोटिस भी जारी की गई। बावजूद इसके अभी तक किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अब उनके खिलाफ आरसी जारी की जाएगी।
कमलेश्वर शरण/मोहित
