Sunday, April 5, 2026
Homeराष्ट्रीय इस साल रक्षा बजट का 75 प्रतिशत हिस्सा घरेलू उद्योग में खर्च...

 इस साल रक्षा बजट का 75 प्रतिशत हिस्सा घरेलू उद्योग में खर्च होगा : रक्षा मंत्री

– एयरो इंडिया में बंधन समारोह में करीब 80 हजार करोड़ रुपये की 266 साझेदारियां हुईं

– ‘साइबर सुरक्षा’ पर डिफेंस इंडिया स्टार्टअप चैलेंज का 9वां संस्करण लॉन्च किया गया

नई दिल्ली(हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि हमारे रक्षा उद्योग पर सरकार और समाज की निर्भरता इतनी बढ़ती जा रही है कि भारत के ‘अमृत काल’ में वित्त वर्ष 2023-24 के रक्षा बजट का 75 प्रतिशत हिस्सा घरेलू उद्योग में खर्च करने के लिए निर्धारित कर दिया गया है। एयरो इंडिया इतने भव्य तरीके से संपन्न हुआ है कि यह समारोह हमें एक संकल्प लेने के लिए प्रेरित करता है कि अपनी प्रगति की राह पर न तो हम कहीं थकेंगे, न ही कभी थमेंगे।

रक्षा मंत्री बुधवार को बेंगलुरु में आयोजित एयरो इंडिया के तीसरे दिन ‘बंधन’ और समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। बंधन समारोह में 201 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए, 53 प्रमुख घोषणाएं की गईं, नौ उत्पाद लॉन्च किये गए और प्रौद्योगिकी के तीन हस्तांतरण सहित लगभग 80 हजार करोड़ रुपये की 266 साझेदारियां हुईं।

उन्होंने कहा कि हमने 2021-22 के लिए भारतीय रक्षा उद्योग का हिस्सा 64% किया था, लेकिन रिकॉर्ड तोड़ते हुए यह खरीद 65% तक पहुंच गई। इसलिए 2022-23 के लिए हमने इसका हिस्सा 68% कर दिया। अब भारत के ‘अमृत काल’ को देखते हुए वित्त वर्ष 2023-24 के रक्षा बजट का 75 प्रतिशत हिस्सा घरेलू उद्योग में खर्च करने के लिए निर्धारित कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि 2020-21 के दौरान हमने पिछले रक्षा बजट में पूंजीगत खरीद के लिए 58% हिस्सा भारतीय रक्षा उद्योग के लिए आरक्षित किया था, जो भारतीय रक्षा उद्योग के लिए यह लम्बी छलांग थी।

रक्षा मंत्री ने कहा कि एयरो इंडिया ने पूरी दुनिया को दिखा दिया कि नए भारत का नया डिफेन्स सेक्टर पिछले कुछ वर्षों में लगातार मजबूत ही नहीं हुआ है, बल्कि दुनिया के अग्रणी देशों के साथ कदमताल करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस समापन के साथ ही भारतीय रक्षा उद्योग के लिए एक नई राह प्रशस्त हो रही है। यह भारतीय रक्षा उद्योग के लिए आत्मनिर्भरता के नए युग की शुरुआत है, जिसमें यह सेक्टर नई ऊर्जा, नए संकल्प और नए उत्साह के साथ अपनी प्रगति की राह पर मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।

सुनीत/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular