लखनऊ (हि.स.)। मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना यूसुफ अज़ीज़ी ने कहा कि शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी सत्ता के संरक्षण में इस्लाम का बार बार अपमान कर रहे हैं। वसीम रिजवी समाज में धार्मिक आधार पर नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना यूसुफ अज़ीज़ी ने कहा धार्मिक आधार पर नफरत फैलाने वाले वसीम रिजवी और मंत्री दर्जा प्राप्त भाजपा नेता रघुराज सिंह पर सख्त कार्यवाही की जरूरत है। यह दोनों इस्लाम मजहब के विरुद्ध लगातार अनर्गल विषवमन करने में जुटे हैं। राज्य सरकार बेलगाम हो चुके दोनों व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करें, क्योंकि दोनों एक धर्म के विरुद्ध दूसरे धर्म के विरुद्ध विषवमन कर समाज को उद्देलित करना चाहते हैं।
बोर्ड ने कहा कि भाजपा नेता दर्जा प्राप्त मंत्री सभी मदरसों को आतंक से जोड़कर उन्हें बंद करने की बात कर रहे हैं। यह न्याय व्यवस्था व संविधान के प्रति उनके अविश्वास को प्रकट करने के साथ इस्लाम के प्रति खुली नफरत साबित करता है। उन्होंने कहा कि बोर्ड राज्य सरकार से दोनों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग करता है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय की पीड़ा समस्याओं से एमपीएलबीआई सभी राजनीतिक दलों को अवगत भी करायेगी।
बोर्ड महासचिब डॉ मुईन अहमद ने कहा कि देश मे सत्ता संरक्षण में एक गिरोह वक्फ सम्पत्तियों का दुरूपयोग कर रहा है। वसीम रिजवी का समाज हर तरह से बहिष्कार आजीवन करेगा और उन्हें अंतिम संस्कार का धार्मिक अवसर किसी कब्रिस्तान में नहीं दिया जाएगा।
