Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशइसी वर्ष दिसंबर में तैयार हो जायेगा अटल आवासीय विद्यालय: अनिल राजभर

इसी वर्ष दिसंबर में तैयार हो जायेगा अटल आवासीय विद्यालय: अनिल राजभर

– कैबिनेट मंत्री ने निर्माणाधीन अटल आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण

वाराणसी (हि.स.)। प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन, समन्वय विभाग मंत्री अनिल राजभर ने शनिवार को करसड़ा में निर्माणाधीन अटल आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। स्थलीय निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि प्रदेश शासन श्रमिकों के बच्चों के पठन-पाठन के लिए इस विद्यालय का निर्माण करा रहा है। निर्माण कार्य को युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर निर्धारित समय सीमा पूर्व यानि दिसंबर से पहले पूरा कराये। निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं समयबद्धता से समझौता न किए जाने की हिदायत देते हुए कहा कि इसमें हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंत्री ने कार्यदायी संस्था/अधिशासी अभियन्ता, भवन खण्ड, लोक निर्माण विभाग एवं बिल्डर्स मेसर्स कसाना बिल्डर्स प्रा. लि.के प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों को अपनाए जाने पर विशेष जोर दिया। मंत्री ने बताया कि 12 एकड़ क्षेत्रफल में विद्यालय व हॉस्टल का निर्माण कराया जा रहा है। आवासीय विद्यालय के निर्माण पर कुल लगभग 66 करोड़ 54 लाख रुपए खर्च होंगे। अनिल राजभर ने बताया कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के पंजीकृत श्रमिकों के बालक व बालिकाओं को इस स्कूल में कक्षा 12 तक की शिक्षा मिलेगी। शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क होगा। बालक-बालिका के लिए हॉस्टल की सुविधा रहेगी। इस स्कूल में 500 से अधिक छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।

भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अन्तर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बालक-बालिकाओं के लिए वाराणसी मण्डल में यह अटल आवासीय विद्यालय बनवाया जा रहा है। बताया गया कि आंतरिक विद्युतीकरण में पॉवर वायरिंग तथा फायर अलार्म सिस्टम वेट् राइज सिस्टम (फायर फाइटिंग) का कार्य, 100 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक का निर्माण, सीवर डिस्ट्रीब्यूशन लाइन 100 एमएम पेरीफेरल ग्रिड 150 एमएम से 300बएमएम स्टार्म वाटर ड्रेन, हॉर्टिकल्चर (वर्टिकल प्लांटेशन), साइनेज, ट्यूबेल एवं बोरिंग, बाउंड्री वॉल, कैटल कैचर एवं एसटीपी,ईटीपी की सप्लाई, इंस्टॉलेशन इत्यादि स्थल विकास का कार्य, विद्युत सब स्टेशन, सोलर फोटोवॉल्टिक, पावर जनरेशन सिस्टम, सीसीटीवी तथा स्ट्रीट लाइट विकास स्थल आदि कार्य, विद्यालय परिसर में विद्युत कनेक्शन एवं 32 केवीए डीजी सेट की सप्लाई एवं इंस्टॉलेशन का कार्य तथा बॉयज एवं गर्ल्स हॉस्टल, कक्षा आदि का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करा लिया जाएगा।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular