Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशइविवि : कुलपति ने चार विश्व स्तरीय डिजिटल सुविधाओं को किया लांच

इविवि : कुलपति ने चार विश्व स्तरीय डिजिटल सुविधाओं को किया लांच

-लाइब्रेरी में अब बारकोड से निर्गत की जाएंगी पुस्तकें

-विश्वविद्यालय की सभी किताबें ऑनलाइन कैटलॉग से दिखेगी

-ई रिसोर्सेज कहीं से भी इंटरनेट के जरिये देखने और पढ़ने की सुविधा

प्रयागराज (हि.स.)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने अपने लगभग डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में तमाम अन्य क्षेत्रों के विश्वविद्यालय में परिवर्तन लाने के साथ ही लाइब्रेरी में छात्रों को दी जाने वाली सुविधाओं को बेहतर बनाने का निरंतर प्रयास किया जिसका परिणाम दिखने लगा है। लाइब्रेरी में इंफ्रास्ट्रक्चर और पठन-पाठन से जुड़ी हुई सुविधाओं में कई परिवर्तन एवं बढ़ोतरी भी की गई है। बुधवार को चार विश्व स्तरीय डिजिटल सुविधाओं का कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने लांच किया।

इसमें यूजीसी के 2018 के प्लेजिरिसम से जुड़े नियमों के अंतर्गत विश्वविद्यालय के बौद्धिक संसाधनों की चोरी को रोका जा सकेगा। विश्वविद्यालय में होने वाले सभी शोध कार्यों को बराबर अपलोड किया जा रहा है। दूसरा, वेब ऑनलाइन पब्लिक एक्सेज कैटेलॉग एक ऑनलाइन सुविधा है जिससे विश्वविद्यालय की सभी किताबों और जर्नल का ऑनलाइन कैटलॉग कहीं से भी देखा जा सकेगा। तीसरा, विश्वविद्यालय में किताबों का सरकुलेशन अब बारकोड से होगा जिसके लिए बारकोड स्कैनर, बारकोड प्रिंटर, बारटेंडर सॉफ्टवेयर 2021 में खरीदा गया। चौथा, रिमोट एक्सेस की सुविधा से सभी छात्रों एवं शिक्षकों को लाइब्रेरी के ई-रिसोर्सेज कहीं से भी इंटरनेट द्वारा देखने और पढ़ने की सुविधा प्रदान की गई है।

इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी उसकी आत्मा होती है। एक ऐसी लाइब्रेरी जिसका छात्र भरपूर इस्तेमाल कर सके। न सिर्फ एक सुविधा की द्योतक है बल्कि यह दिखाती है कि उस संस्था में एक एक्टिव अकादमिक माहौल है और छात्रों का सकारात्मक बौद्धिक विकास हो रहा है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी बहुमूल्य एवं विस्तृत संसाधनों से सम्पन्न है। डिजिटलाइजेशन की सुविधा न होने के कारण इन संसाधनों का उपयोग नहीं हो पा रहा था। उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी में जगह की समस्या देखते हुए एक नई 4 मंजिला एनेक्सी बिल्डिंग के निर्माण का प्रस्ताव है। छात्रों की बढ़ी संख्या, उनके लाइब्रेरी सुविधाओं के उपयोग को प्रोत्साहित करने और नई सुविधाओं के लिए जगह बनाने की दृष्टि से यह बिल्डिंग एक महत्वपूर्ण सकारात्मक कदम है।

लाइब्रेरियन डॉ. बी.के सिंह ने कहा कि लाइब्रेरी के सर्वर इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ किया गया है। प्रो. एस.आई. रिजवी ने कहा कि लाइब्रेरी न केवल जानकारी का भंडार होती है बल्कि ज्ञानवर्धक जानकारी का संग्रह होती है। इसमें मिलने वाली जानकारी संस्था के शिक्षकों के निर्देशन में होती है। सर्वर विश्वविद्यालय द्वारा 30 लाख रुपये में खरीदा गया है और छात्रों को इसका अधिकाधिक प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी में बैठकर पढ़ने की सुविधा में भी बढ़ोतरी की गई है। अब सोमवार से शनिवार यह सुबह 8 से रात 9 बजे तक तथा रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में यह 10 से शाम 6 बजे तक खुली रहेगी।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular