वाराणसी (हि.स.)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में बेतहासा फीस वृद्धि के खिलाफ एनएसयूआई के कार्यकर्ता लगातार आंदोलन कर रहे हैं । शनिवार को भी एनएसयूआई वाराणसी इकाई के कार्यकर्ताओं ने फीस वृद्धि के विरोध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुरुधाम जवाहर नगर स्थित संसदीय कार्यालय के बाहर पुलिस अफसरों को ज्ञापन सौंपा।
कार्यालय में ज्ञापन देने जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस अफसरों ने रोक लिया था। इस दौरान एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष ऋषभ पाण्डेय और महानगर अध्यक्ष संदीप पाल ने बताया कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय में 400 फीसदी अधिक फीस वृद्धि के विरोध में वहां के छात्रसंघ उपाध्यक्ष अखिलेश यादव एक हफ्ते से आमरण अनशन पर हैं । फ़िर भी विश्वविद्यालय के कुलपति के कान में जूं नहीं रेंग रहा । भाजपा सरकार लगातार सारी चीज़ों में महंगाई बढ़ा रही है। अब इस स्तर पर उतर गई हैं कि शिक्षा के क्षेत्र में भी महंगाई कर रही हैं।
इस सरकार के खिलाफ हम सभी छात्र एक हो कर लड़ाई लड़ेंगे । ज्ञापन सौंपने वालों में छात्रनेता नीरज पाण्डेय, शिवम चौबे,मानस सिंह, बीएचयू एनएसयूआई इकाई अध्यक्ष रोहित राणा, हिमांशु पाण्डेय आदि शामिल रहे।
श्रीधर
