Tuesday, February 10, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News : इन छोटी छोटी बातों पर ध्यान देकर साइबर ठगी...

Gonda News : इन छोटी छोटी बातों पर ध्यान देकर साइबर ठगी से बचें

सम्पूर्ण जनपद के शिक्षण संस्थानों में मनाया गया साइबर जागरूकता दिवस

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता के अनुरूप आम जन मानस में साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए बुधवार को ‘साइबर जागरूकता दिवस’ आयोजित कर जिले के अनेक शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं को इसके प्रति जागरूक किया गया। जिले के सभी थानों पर तैनात साइबर क्राइम के नोडल उप निरीक्षक एवं प्रशिक्षित कर्मियों के सहयोग से शिक्षण संस्थानों में साइबर क्राइम से सम्बन्धित पम्पलेट व पोस्टर वितरण कर साइबर अपराध की रोकथाम हेतु नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल एवं टौल फ्री हेल्प लाइन नम्बर 1930 के बारे जानकारी दी गई। यह जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि इन दिनों साइबर अपराधियों द्वारा आम जन को अनेक प्रकार से धोखाधड़ी का शिकार बनाया जा रहा है। यदि हम जागरूक और सतर्क रहें तो साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि अनजान नम्बर से काल आने पर आपको अत्यधिक सावधान रहने की जरूरत होती है। साइबर अपराधी आजकल सबसे आसान तरीका सिम कार्ड फ्रॉड का करते हैं। इसमें वे सिम स्वैप कर बैंक खाते से पैसा निकाल ले रहे हैं। इस धोखाधड़ी के तरीके के बारे में उन्होंने बताया कि साइबर अपराधियों द्वारा किसी नम्बर पर कॉल करके कस्टमर को बताया जाता है कि ये कॉल कस्टमर केयर की तरफ से है। नेटवर्क प्रॉब्लम है, जिसे अपडेट करने के लिए यूजर से कोई बटन (मोबाइल फोन पर नंबर की) दबाने को कहा जाता है और आपका सिम स्वैप हो जाता है। ऐसे कॉल से बचें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सीधे सिम कम्पनी के कस्टमर केयर के नम्बर पर ही सम्पर्क करें। ऐसे काल उठाने पर आपके साथ धोखा हो सकती है।

यह भी पढ़ें : गोल्डन कार्ड बनाने के लिए 18 मई तक चलेगा विशेष अभियान

एएसपी ने बताया कि इसी प्रकार एटीएम कार्ड से जुड़ा फ्रॉड भी इन दिनों खूब प्रचलन में है। उन्होंने कहा कि अपना एटीएम कार्ड किसी भी अन्य व्यक्ति को कदापि न दें और न ही एटीएम बूथ के अन्दर किसी अपरिचित व्यक्ति की सहायता लें। एटीएम बूथ के अन्दर पैसा निकालते समय पिन हमेशा अपनी हथेली से छिपाकर डालें। जब भी पैसा निकालने जाएं, किसी अंजान व्यक्ति को बूथ के अन्दर न प्रवेश करने दें। एटीएम वहां प्रयोग करें, जहां गार्ड मौजूद हो। गार्ड की मौजूदगी वाले एटीएम पर ठगों द्वारा मशीन के साथ छेड़छाड़ किए जाने की संभावना न्यूनतम रहती है। उन्होंने बताया कि डेविट या क्रेडिट कार्ड का प्रयोग मशीन पर स्वयं करें। किसी अन्य व्यक्ति को स्वैप करने के लिए न दें। शापिंग मॉल, होटल, पेट्रोल पम्प पर इस्तेमाल करते समय हिडन कैमरा का विशेष ध्यान रखें। स्वैप मशीन के अलावा किसी अन्य डिवाइस पर कार्ड स्वैप न करें। उन्होंने बायोमैटिक फ्रॉड से भी सतर्क रहने को कहा। साइबर अपराधी आपके अंगूठे का क्लोन बनाकर पैसा निकाल ले रहे है। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना अंगूठा किसी भी फार्म पर लगाकर मत दें। ग्राहक सेवा केन्द्र पर आधार पेमेन्ट के माध्यम से पैसा निकालते समय अपने अंगूठे का इस्तेमाल सावधानी पूर्वक करें। आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड, नयी सिम लेने के लिए कई बार फिंगर स्कैन न करें।

यह भी पढ़ें : ललितपुर कांड में फालोअर से लेकर SSI तक पूरा थाना लाइन हाजिर

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मोबाइल फोन पर अज्ञात यूपीआई लिंक कदापि न खोलें। किसी के कहने पर कोई भी लिंक या मैसेज किसी अन्य मोबाइल नम्बर पर फारवर्ड न करें। अपना यूपीआई पिन किसी अनजान यूपीआई लिंक पर न डालें। यूपीआई (गूगल पे, फोनपे या पेटीएम) पिन का प्रयोग करने से एवं क्यूआर कोड स्कैन करने से पैसे आपके ही खाते से कटते हैं। किसी से पैसा लेने के लिए कभी पिन की आवश्यकता नहीं होती। किसी फोन कॉल पर किसी के कहने से अपना पिन डालकर बैलेंस न चेक करें। कस्टमर केयर नम्बर गूगल से सर्च न करें। उन्होंने बताया कि फोन कॉल के माध्यम से बैंकिंग फ्रॉड इन दिनों खूब प्रचलन में है। इसके प्रति सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि आपका बैंक खाता अथवा एटीएम बंद हो जाने के बारे में अज्ञात नम्बर से काल आती है और यह बताया जाता है कि कालर बैंक से बोल रहा है। वह आपका नंबर पुनः रजिस्टर कराने हेतु अथवा इसे चालू रखने के बारे में पूछता है। इस तरह के फोन कॉल से बिल्कुल बचें क्योंकि किसी भी बैंक की तरफ से फोन पर ऐसी जानकारी नहीं मांगी जाती है। बोनस प्वाइंट, रिवार्ड प्वाइंट, कैशबैक, कौन बनेगा करोड़पति आदि के लुभावने ऑफर के लालच में अपने बैंक डिटेल फोन पर कदापि शेयर न करें। अपने फोन पर आये ओटीपी को किसी से साझा न करें। किसी प्रकार का सपोर्ट एप्स जैसे टीमविवर, ऐनी डेक्स आदि किसी के कहने पर मोबाइल में इनस्टॉल न करें।

यह भी पढ़ें : FSS एक्ट के 15 वादों में सवा छह लाख का जुर्माना

पालिसी, चिट फण्ड, लॉटरी एवं जॉब सम्बन्धित फ्रॉड भी आए दिन हो रहे हैं। इससे बचने के लिए फोन व समाचार पत्र, पत्रिका में दिये विज्ञापन का सत्यापन करने के पश्चात ही आवेदन करें। ऐसे जॉब आफर लिंक जिसके लिए आवेदन नहीं किया है, उसको ओपन न करें। लाटरी, जॉब प्राप्त करने जैसे लुभावने स्कीम के लालच में बिल्कुल न आएं। कम समय में पैसा डबल करने जैसे लुभावने स्कीम के लालच में आना आपके लिए घातक हो सकता है। इसी प्रकार सस्ते एवं आसान लोन के लालच में प्ले स्टोर से कोई भी लोन एप डाउनलोड न करें, क्योकि ये एप आसानी से लोन देकर आपके फ़ोन का निजी डेटा (कांटैक्ट और गैलरी) लेकर आपको अत्यधिक ब्याज चुकाने के लिए आपके रिश्तदारों एवं मित्रों को परेशान कर सकते हैं। लोन हमेशा अधिकृत बैंक से ही लें। अनधिकृत लोन एप से बचें। यदि कोई व्यक्ति आपके सामान को खरीदने के लिए ऑनलाईन पेमेंट करने को बोले, तो पेमेंट करने से बचें। सेना के जवान बनकर सामान बेचने वाले व्यक्ति का सत्यापन जरुर करें। डिलेवरी मिलने से पहले कोई भी पेमेंट न करें। सस्ते के लालच में किसी खाते में एडवांस पेमेंट न करें।

यह भी पढ़ें : किशोरी से छेड़छाड़ कर बनाया वीडियो, किया वायरल, मुकदमा दर्ज

सोशल मीडिया से सम्बन्धित फ्रॉड के बारे में जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोशल नेटवर्किंग साइट पर अपनी व्यक्तिगत सूचनाओं को कम से कम साझा करें। अपना पासवर्ड किसी भी व्यक्ति से शेयर कदापि न करें। सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर टू स्टेप वेरिफिकेशन आन रखें। अपने मोबाइल नंबर, मेल एवं मित्रों की सूची छिपा कर रखें। प्रोफाइल लॉक रखें। किसी अन्य मोबाईल या डेस्कटाप पर अपनी सोशल मीडिया आईडी ओपन करने से बचें। सोशल मीडिया पर किसी भी आपत्तिजनक भड़काऊ झूठी सूचनाओं को पोस्ट, लाइक, कमेंट, शेयर करने से बचें। अनजान लोगों का फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें। अनजान महिला से न तो चैट करें और न ही अपना वाट्सएप नंबर शेयर करें। वाट्स एप से सम्बन्धित फ्रॉड के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि वाट्सएप पर अज्ञात महिला व्यक्ति का वीडियो कॉल कतई स्वीकार न करें। यदि आप का अश्लील वीडियो किसी ने बना लिया है एवं आपसे सम्बन्धित लोगों को इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर पैसे की माँग की जाती है, तो बिना घबराये उस नंबर को ब्लाक करें एवं किसी धमकी से डर कर पैसे नही दें। किसी भी व्यक्ति को अपने व्हाट्स एप का बारकोड स्कैन करने न दें और न ही किसी अनजान व्यक्ति का भेजा हुआ बारकोड स्कैन करें। व्हाट्स एप पर किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक को न खोले। लिंक के कारण आप धोखाधड़ी के शिकार हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें : DM, CDO ने जनपद वासियों से की यह भावनात्मक अपील

एएसपी ने बताया कि आजकल बिजली कटौती के नाम पर भी लोगों से फ्रॉड किया जा रहा है। साइबर अपराधी किसी के पास मैसेज भेजते हैं कि आज आपकी बिजली कट जाएगी। कनेक्शन जारी रखने के लिए दिए गए नंबर पर सम्पर्क करें। जैसे ही आप दिए गए नंबर पर कॉल करते हैं, वह आपसे आपका बिजली बिल का एकाउंट नंबर मांगेगा और आपको 20 रुपए का एडवांस पेमेंट करने को कहेगा। इसके लिए आपको प्ले स्टोर से विद्युत क्विक सपोर्ट (vidyut quick support) एप डाउनलोड करने को बोलेगा। सर्च में आपको Team viewer quick support app डाउनलोड करवा कर आपके मोबाइल का कंट्रोल अपने पास लेकर आपका खाता खाली कर देगा। इसलिए ऐसे काल से सावधान रहें। बिजली विभाग इस तरीके का कोई मैसेज नहीं भेजता है। ऐसे मैसेज प्राप्त होने पर दिए गए नंबर पर रिप्लाई न करें और किसी भी व्यक्ति के कहने से प्ले स्टोर से किसी भी तरीके का सपोर्ट ऐप इंस्टॉल न करें। इसी प्रकार ठगों द्वारा आपके द्वारा जीवन बीमा की किश्त को समय से पूर्व जमा किए जाने पर भारी छूट दिए जाने का लालच देकर बैंक खाते में पैसा जमा करा लिया जाता है और फिर वह नम्बर हमेशा के लिए बंद हो जाता है। साथ ही पैसा भी उसे खाते में ट्रांसफर हो जाता है और व्यक्ति का पता भी नहीं चल पाता क्योंकि वह खाता फर्जी नाम, पते से खोला गया होता है। उन्होंने कहा कि वित्तीय साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्प लाइन नम्बर 1930 या 112 पर दें एवं नजदीकी पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट करें। अन्य साइबर अपराध की रिपोर्ट वेबसाइट https:// cybercrime.gov.in पर अथवा UPCOP एप के माध्यम से भी की जा सकती है।

Gonda News : इन छोटी छोटी बातों पर ध्यान देकर साइबर ठगी से बचें

यह भी पढ़ें : मुंडन संस्कार कराने आई तीन युवतियों समेत गंगा में पांच डूबे

Gonda News : इन छोटी छोटी बातों पर ध्यान देकर साइबर ठगी से बचें

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular