-दोनों संस्थानों के मध्य एमओयू दस्तावेज पर हुए हस्ताक्षर
-कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने इनोवेशन के लिए हर संभव मदद का दिया भरोसा
कानपुर(हि.स.)। स्टूडेंट्स के इनोवेटिव आइडियाज को बेहतर प्लेटफॉर्म प्रदान करने के लिए छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) और केपीआईटी साथ मिलकर काम करेंगे। बुधवार को दोनों संस्थानों के मध्य एमओयू दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने इनोवेशन के लिए हर संभव मदद देने का भरोसा दिया।
सेंटर फॉर अकादमिक भवन में बुधवार को हुए एक कार्यक्रम में केपीआईटी के चीफ टेक्निकल ऑफीसर संत रंजन ने कहा कि यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स को पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होने स्टूडेंट्स को संबोधित करते हुए बताया कि किस प्रकार केपीआईटी स्पार्कल कार्यक्रम के तहत छात्रों के इनोवेटिव आइडिया को विकसित कर एक बड़े औद्योगिक स्वरुप प्रदान किया जाएगा। उन्होंने विश्वविद्यालय के काम-काज में टेक्नॉलाजी के भरपूर उपयोग के लिए कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक को श्रेय देते हुए कहा कि आने वाले समय में स्टूडेंट्स भी अपने-अपने विभाग के लिए नवाचार में और बेहतर कार्य करेंगे। कार्यक्रम में डॉ शिल्पा कायस्थ ने बताया इनोवेटिव आइडिया किसी भी संकाय में पढ़ने वाले विद्यार्थी प्रदान कर सकते हैं। मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविंद्र प्रकाश दुबे ने बताया किस प्रकार इनोवेशन फाउंडेशन उनकी मदद कर उनको राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करती है। सीनियर इनक्यूबेशन मैनेजर उत्कर्ष बिसारिया ने बताया कि वर्तमान में एक इनोवेटिव आइडिया सरकारी सहायता से आगे बढ़कर व्यवसाय के रुप में स्थापित हो सकता है। इस मौके पर केपीआईटी से प्रगति उमरीकर, नवाचार अधिकारी अनिल कुमार त्रिपाठी, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ प्रशांत त्रिवेदी, डॉ एकता खरे एवं विभिन्न विभागों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।
अजय कुमार/अजय सिंह
