प्रदीप पांडेय
गोंडा।
जिले के इटियाथोक ब्लाक क्षेत्र में छुट्टा मवेशियों की फौज से हर तरफ किसान परेशान है। लोग भीषण ठंड में भी रात के वक्त खेतो पर रहकर अपनी फसल रखवाली करने को मजबूर है। गोंडा बलरामपुर राजमार्ग समेत इटियाथोक खरगुपुर मार्ग, इटियाथोक बाबागंज मार्ग के साथ ही क्षेत्र के हर मार्ग व गांव के चौक चौराहों पर इन छुट्टा जानवरो को भारी संख्या में कही भी देखा जा सकता है। सड़को पर हरदम मौजूद इन जानवरों ने वाहनों के गति को कम कर दिए है। जगह जगह इनके वजह से मार्ग दुर्घटनाएं भी हो रही है। स्कूल जाने वाले बच्चो पर भी यह छुट्टा जानवर रास्ते मे अक्सर हमला कर देते है और बच्चे भागदौड़ में चोटिल हो रहे है। जबतक स्कूल से बच्चे घर सुरक्षित नही आ जाते है तबतक अभिभावक चिंतित रहते है।
यहां हर जगह क्षेत्र में भारी संख्या में मौजूद आवारा मवेशी किसानों के लिए सिरदर्द बन चुके हैं। गाय, बैल आदि पशु कीमती फसलों को मौका पाकर दिन या रात में सफाचट कर रहे हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। छुट्टा पशु किसानो के हरे भरे खेतों में तांडव कर रहे हैं। इससे किसानों की फसल तबाह हो रही है। दिसम्बर माह में रात के वक्त अधिक ठंड के बावजूद खेतो पर मौजूद रहकर तमाम किसान अपने गेंहू, चने, लाही, आलू, मटर आदि फसलों की रखवाली करने को मजबूर है। किसानों का कहना है कि वह दिन में खेती का काम करते है और रात में सोने की जगह फसल की रखवाली करके बीमार और परेशान हो रहे है। क्षेत्र अंतर्गत प्रमुख बाजारों एवं मार्गों पर छुट्टा जानवरों के झुंड का आतंक हादसे का सबब भी बन रहा है। दिन के अलावा रात में छुट्टा जानवर सड़क पर टहलते नजर आ रहे हैं। जिससे वाहन चालक अनियंत्रित होने के साथ-साथ टकराकर घायल भी हो जाते हैं। ढोंगही गांव के अग्रणी किसान और कांग्रेस नेता शुक्ला प्रसाद शुक्ला का कहना है कि खेतो में लगी फसलो को छुट्टा जानवर पूरी तरह से तहस नहस कर रहे है और जिम्मेदार मौन बने हुए है। इनका कहना है कि जानवरो की पकड़ा पकड़ी और क्षेत्र के गौशाला सब ऊंट के मुह में जीरा साबित हो रहे है और किसानों को सिर्फ बेवकूफ बनाया जा रहा है। कहा कि लोगो द्वारा दिन रात फसल की रखवाली किया जाता है, लेकिन मौका पाते ही खेतों में जानवर घुस जाते हैं और फसल को बर्बाद कर दे रहे हैं। उन्होंने कहा इतनी बड़ी मुसीबत अपने जीवन में कभी नही देखा। अयाह गांव के रघुनाथ मिश्रा ने कहा कि सरकार ने किसानों की आय को दोगुना करने का वादा किया था लेकिन यहां तो जो पूंजी खेती में लगाई जा रही है वही वापस नही हो पा रही है। इन्होंने कहा कि रातभर लाठी और टार्च लेकर खेतो की गणेश परिक्रमा रोज करते है।
