प्रदीप पांडेय
गोंडा। मौजूदा सरकार द्वारा किसानों के लिए अनेक लाभप्रद योजनाएं चलाई जा रही है, जिनका लाभ किसानों को सीधे तौर पर मिल रहा है। किसानों के हित में सोमवार को इटियाथोक ब्लॉक मुख्यालय पर किसान मेले का भव्य आयोजन किया जा रहा है। मेले की तैयारी में रविवार को ब्लाक में संबंधित अधिकारी लगे हुए है। मौके पर रहे राजकीय कृषि बीज गोदाम के प्रभारी मजहर हुसैन ने बताया कि कृषि यंत्रों पर अनुदान के साथ ही खेती को वैज्ञानिक तरीके से करने की जानकारी मेले में दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित इस मेले में अनेक विभागों के स्टाल लगेंगे और मौजूद कृषि वैज्ञानिक किसानों को उन्नत खेती की विभिन्न तकनीक की जानकारी देंगे। उन्होंने बताया कि मेले में ग्राम प्रधानों के साथ क्षेत्रीय किसानों को आमंत्रित किया गया है। मेले में कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, एग्रो, पशुपालन विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, वन विभाग, पंचायती राज विभाग, मंडी समिति, वैकल्पिक ऊर्जा, सिंचाई विभाग, नलकूप विभाग, रेशम विभाग, गन्ना विभाग एवं अल्प बचत विभाग समेत अन्य विभाग अपना-अपना स्टाल लगाएंगे एवं विभाग से संबंधित सामग्री व उपकरण बिक्री के लिए उपलब्ध कराएंगे। किसानों को कम लागत में अधिक उपज लेने के टिप्स भी बताये जाएंगे। मेले में अनुदान पर दिए जाने वाले बीज और कृषि उपकरण की जानकारी दी जाएगी। साथ ही फसल अवशेष को जलाने से रोकने एवं फसल अवशेष का उपयोग करने के बाबत कृषकों को मेले में अवगत कराया जाएगा।
