प्रदीप पांडेय
गोंडा।
जिले के इटियाथोक ब्लाक क्षेत्र अंतर्गत अयाह गांव में किसानों द्वारा पकड़कर बांधे गए छुट्टा गोवंशों को गौशाला न भेजवाने पर खफा लोगो ने मंगलवार दोपहर गांव में विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर रहे अयाह गांव के किसान गुड्डू मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में अनेक छुट्टा गोवंश फसलों को नुकसान करते है। ऐसे में लोगो ने मिलकर कुछ दिन पूर्व कई गोवंशों को पकड़कर गांव में पेंड से बांध दिया और ब्लाक के बीडीओ को मामले की जानकारी दी गई। श्री मिश्रा ने कहा कि बीडीओ ने एक सरकारी वाहन भेजकर एक क़िस्त में कुछ गोवंशों को गौशाला में भेजवाया और बाकी को जल्द भेजने का आस्वाशन दिया था। दस दिन से यहां करीब एक दर्जन गोवंश बंधे हुए है और उनको गौशाला नही भेजावाया गया है। गुड्डू मिश्रा ने कहा कि इन गोवंशों के लिए यहां चारा तक नही है और सफाईकर्मी इन्हें सिर्फ पानी पिलाकर जीवित रखे हुए है। श्री मिश्रा ने कहा कि वह लोग प्रदर्शन कर विरोध जताने हेतु ब्लाक मुख्यालय जा रहे थे किंतु गांव के बीडीसी प्रतिनिधि मोहित मिश्रा समेत कुछ अन्य जनप्रतिनिधियों ने उन्हें रोक दिया और इन जनप्रतिनिधियों ने ब्लाक के बीडीओ से दूरभाष पर वार्ता की। मौके पर रहे बीडीसी प्रति0 मोहित मिश्र ने कहा कि गोवंशों को जल्द गौशाला भेजवाने का आस्वाशन मिला है। आपको बता दे कि ब्लाक क्षेत्र में भारी संख्या में इधर उधर घूम रहे छुट्टा गोवंशो से ग्रामीण परेशान हैं। इन गोवंशो के चलते क्षेत्र के किसानों की लहलहाती फसलें बर्बाद हो रही हैं। दिन रात किसान फसलों की रखवाली करने को मजबूर है। आए दिन यह गोवंश दुर्घटनाओं के कारण भी बन रहे हैं और ग्रामीणों को यह दिन रात परेशान कर रहे हैं। इसी समस्या से परेशान लोगो ने उक्त गांव में छुट्टा गोवंशों को पकड़कर बांध दिया है।
