इटावा(हि.स.)। थाना बढ़पुरा क्षेत्र इलाके में शनिवार को 25 वर्षीय सब्जी विक्रेता की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। इसके बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम ने जांच कर साक्ष्य को एकत्र किया।
मृतक कृष्ण कुमार उर्फ जुगाड़ू की पत्नी ने बताया कि उनका पति सब्जी की फेरी लगाकर घर का गुजारा करता था। बीती देर रात किसी का फोन आने पर वह कुछ देर में वापस आने की बात कहकर घर से बाहर गए गया। लेकिन, पति रात भर घर वापस नहीं लौटा। शनिवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली तो मौके पर पहुंचकर देखा कि वह शव उसके पति कृष्ण कुमार का है। शरीर पर चोट के निशान थे। पत्नी ने आशंका जताई है कि हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है।
घटना स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक नगर प्रशांत कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह थाना बढ़पुरा पुलिस को उदी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक शव पड़ा मिला है। मृतक की शिनाख्त बाहुरि निवासी कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के द्वारा हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंके जाने की आशंका जताई है। मृतक के शव के पास मोबाइल फोन पड़ा मिला है। घटनास्थल का फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम के द्वारा निरीक्षण किया गया है। शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की जा रही है।
इटावा : सब्जी विक्रेता की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंका
RELATED ARTICLES
