Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशइटावा: शादी की पंचायत करने के दौरान हुए विवाद में दो लोगों...

इटावा: शादी की पंचायत करने के दौरान हुए विवाद में दो लोगों की गोली मारकर हत्या

वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी गिरफ्तार

इटावा (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में थाना जसवंतनगर क्षेत्र के अंतर्गत कचौरा रोड पर शादी की पंचायत निपटाने के दौरान हुए विवाद में लड़के के पिता ने लड़की के मामा और बहन के ससुर की रायफल से गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात को अंजाम देकर लड़के का पिता मौके पर मय रायफल के मौजूद रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पीड़ित नवविवाहिता नेहा ने बताया कि उसकी शादी एक वर्ष पूर्व थाना जसवंतनगर क्षेत्र के अंतर्गत कचौरा रोड पर शिवम यादव से हुई थी। शादी के बाद से ससुराल वाले उसे तंग करने लगे, जिससे परेशान होकर वह अपने मायके मैनपुरी जनपद के करहल में रहने लगी थी। आज उसके मामा रामशंकर और उसकी बहन के ससुर कैलाश यादव जसवंतनगर में उसकी ससुराल में पंचायत करने गए थे। पंचायत के दौरान उसके मामा ने उसके ससुर सर्वेश यादव जो कि रिटायर्ड फौजी है। उनसे कहा कि शादी हो चुकी है और लड़की अपने मायके की बजाय ससुराल में रहेगी, लेकिन उसके ससुर सर्वेश इस बात के लिए तैयार नहीं हुए जिसको लेकर दोनों में वाद-विवाद और झगड़ा हो गया। जिसमें उसके ससुर सर्वेश यादव ने रायफल से उसके मामा रामशंकर और बहन के सुसर कैलाश यादव को गोली मार दी जिससे दोनों की मौत हो गयी।

एसपी सिटी कपिलदेव सिंह ने बताया कि थाना जसवंतनगर क्षेत्र के अंतर्गत कचौरा रोड पर शादी के बाद से दो परिवारों के बीच में चल रहे झगड़े की पंचायत के दौरान हुए विवाद में लड़के के पिता सर्वेश यादव ने लड़की के मामा और उसकी बहन के ससुर की गोली मारकर हत्या कर दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी सर्वेश यादव को मय हथियार के गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक पक्ष की तरफ से पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं मिली है तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही लाई जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular