इटावा (हि.स.)। जनपद में थाना चौबिया क्षेत्र के अंतर्गत अंगुपुर गोपालपुरा गांव में देर रात प्रेमिका से घर पर मिलने आने का आरोप लगाकर प्रेमी की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। शनिवार को सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मामले की जांच में जुटी है।
आरोप है कि युवती के परिजनों ने बबूल के पेड़ से बांधकर पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मृतक के शव को छोड़कर फरार हो गए हैं। मृतक की पहचान मैनपुरी जनपद के थाना कुर्रा क्षेत्र के नगला वीरे निवासी अनिल यादव उर्फ अनिल शास्त्री के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने उधार के पैसे मांगने पर युवक की हत्या करने का आरोप लगाया है।
घटना स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे पुलिस उपाधीक्षक साधुराम ने बताया कि थाना चौबिया क्षेत्र के अंतर्गत अंगुपुर गोपालपुर गांव में 40 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या करने की वारदात सामने आयी है। मृतक मैनपुरी जनपद के थाना कुर्रा क्षेत्रा का निवासी है।
उन्होंने कहा कि मृतक गांव में रहने वाली लता नाम की प्रेमिका से देर रात घर में चोरी से मिलने आया था, जिसे परिजनों ने देख लिया और आक्रोशित होकर उसे बबूल के पेड़ से बांधकर पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। उन्होंने कहा कि आरोपित मौके से फरार हैं।
उन्होंने बताया कि मृतक की प्रेमिका लता शादीशुदा है। उसका का पति सूरत में और जेठ भिवाड़ी में रहता है। पुलिस ने लता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मृतक युवक के परिजनों ने आरोपी परिवार पर एक लाख रुपये बकाया होने का आरोप लगाते हुए बताया है कि मृतक को पैसे लौटाने के लिए लता के परिजनों ने घर पर बुलाया और उसकी हत्या कर दी।
