इटावा(हि.स.)। अपने गांव सैफई पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी के सत्ता से हटते ही सब कुछ ठीक हो जायेगा। जनता चुनाव का इंतजार कर रही है। भाजपा राज में परेशानियो को झेल चुकी जनता भाजपा को सत्ता से हर हाल में बेदखल कर देगी।
अखिलेश यादव ने आज अपने पैतृक गांव सैफई स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पर पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का समय खत्म हो गया है। जनता इस बात का इंतजार कर रही है कब वोट डाले और कब सरकार को हटाए। योगी सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन नहीं कर रही है इससे जुड़े हुए सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का सम्मान करेगी।
उत्तर प्रदेश के किसानों की आय दुगनी नहीं हुई है महंगाई लगातार बढ़ती चली जा रही है। उत्तर प्रदेश के नौजवान नौकरी के लिए लगातार परेशान बने हुए हैं लेकिन किसी को भी नौकरी हासिल नहीं हो पा रही है। इसके बावजूद भी योगी सरकार लगातार ऐसा दावा कर रही है कि वह बड़ी तादाद में बेरोजगारों को नौकरी देने में जुटी हुई है लेकिन हकीकत में ऐसा कदापि नहीं है।
उत्तर प्रदेश का विकास भारतीय जनता पार्टी की सरकार में पूरी तरह से रुक गया है, आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी का सफाया जनता करेगी। आज सब जान गए हैं कि भाजपा ने उन्हें धोखा दिया है। अपना कोई संकल्प भाजपा ने पूरा नहीं किया। 42 प्रतिशत वोट के दावेदारी करने वाले अब बंद कमरों में प्रबुद्ध सम्मेलन कर रहे हैं। भाजपा चुनाव हारने जा रही है। जनता ने तय कर लिया है कि वह इस बार भाजपा का सफाया कर देगी।
किसान ओर बुनकर खिलाफ भाजपा के खिलाफ हुंकार भर रहे हैं, यह परिवर्तन की आवाजे हैं। भाजपा का सत्ता से बेदखली होना तय है। समाजवादी पार्टी की 2022 के चुनावों में बहुमत से जीत होगी। समाजवादी सरकार बनने पर किसानों-बुनकरों को बिजली की सुविधा मिलेगी और नौजवानों के रोजगार का इंतजाम होगा।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार से किसान-नौजवान-शिक्षक हर वर्ग नाराज हैं। कोरोना के समय सरकार ने जनता को अनाथ छोड़ दिया। लोगों को खुद दवा, आक्सीजन का इंतजाम करना पड़ा। अस्पतालों में बेड नहीं मिला। आक्सीजन की कमी से बड़ी संख्या में लोग मौत के मुंह में चले गये। इसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। कोरोना काल में जो हालत रही उससे देश का पूरी दुनिया में अपमान हुआ।
कहा कि आज किसानों का अधिकार छीना जा रहा है। नए कृषि कानून लागू होने के बाद किसानों की खेती छिन जाएगी और खेती खत्म हो जाएगी। भाजपा ने सरकार में आने पर किसानों की आय दुगना करने का वादा किया था लेकिन किसान की आय दुगनी होने की जगह कम हो गई। डीजल, पेट्रोल की कीमतें बढ़ गयी। मंहगाई दुगनी हो गयी। रसोईं गैस सिलेण्डर के दाम बढ़ गये हैं। भाजपा सरकार ने प्रदेश में एक यूनिट नयी बिजली नहीं बनायी। लेकिन बिजली का बिल मंहगा हो गया। आम जनता को बढ़कर बिजली का बिल आता है।
भाजपा सरकार राष्ट्र की सम्पत्ति बेच रही है। सरकार की नीति ऐसी है, जिसके पास पैसा हो वह रेल, एयरपोर्ट, बीमा, बैंक, पोर्ट, सब खरीद सकता है। मंहगाई, बेरोजगारी बढ़ गयी है। लोगों की जेब में पैसा नहीं है।
