इटावा (हि.स.)। जनपद की जिला कारागार जेल से रिहा हुए समाजवादी पार्टी के नेता धर्मेंद्र यादव को हूटर रैली निकालना भारी पड़ गया। धर्मेद्र यादव, उनके दो सौ समर्थकों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में सेवन सीएलए एक्ट और महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस की टीमें तलाश में है।
एसएसपी डॉ.ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि देर शाम घर्मेंद्र यादव के स्वागत सत्कार से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद सीओ राजीव प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ जिला जेल परिसर का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम को जिला जेल से रिहा हुए घर्मेंद्र यादव ने शनिवार सुबह सैकडों गाडियों को जेल के बाहर बुला करके अपने समर्थकों के जरिये अपना जोरदार स्वागत कराया। इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कम्प मच गया। वायरल वीडियो की प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि फैंड्रस कॉलोनी इलाके में एक मैरिज होम में स्वागत सत्कार और भोजन के बाद घर्मेद्र यादव औरैया के लिए आगरा कानपुर हाईवे के जरिये रवाना हो गये। इटावा से लेकर औरैया सीमा तक के सीसीटीवी कैमरों के वीडियो फुटेज तलाशने में पुलिस की कई टीमे जुट गई है।
धर्मेंन्द्र यादव पर हो चुकी गैंगस्टर की कार्रवाई धर्मेंद्र यादव इटावा के पड़ोसी औरैया जिले में समाजवादी युवजन सभा का अध्यक्ष है। पंचायत चुनाव में वे भाग्य नगर से जिला पंचायत सदस्य के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे। करीब 13 हजार वोटों से उनकी जीत हो गई, लेकिन इससे पहले धर्मेंद्र यादव अपराधिक मामले में गिरफ्तार करके जेल भेज दिए गए थे।
धर्मेंद्र यादव के खिलाफ औरैया के जिला प्रशासन ने जिला बदर की भी कार्रवाई करके रखी हुई है इसके साथ ही धर्मेंद्र यादव के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की भी कार्रवाई हुई है।
