इटावा (हि.स.)। अपने विवादित बयानों से लगातार सुखिर्यों में रहने वाले राम मंदिर आंदोलन न्यास समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राम विलास वेदांती ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक जमाना ऐसा था जब महात्मा गांधी ने अग्रेंजों के खिलाफ आंदोलन चला, देश को स्वतंत्र कराया लेकिन आज के गांधी परिवार की करतूतों से सारा देश गंधा गया है।
इटावा में विजयदशमी पर हिंदु सेवा समिति की तरफ से आयोजित श्रीराम शोभा यात्रा के शुभारंभ मौके पर आये वेदांती ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मौजूदा गांधियों की देश विरोधी हरकतों के चलते आने वाले समय में पूरे देश में कांग्रेस को मात्र 20 सीटें ही मिलेंगी।
कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती है कि भारत के लोग देश में स्थिरता के साथ रहे, इसीलिए कभी अराजकता फैलाने के लिए किसानों का मुद्दा अपने हाथों में लिया, तो कभी आतंकवादियों का साथ ले भाजपा को बदनाम किया। सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी ने देश में अशांति फैलाने का काम किया।
कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारे सबका साथ सबका विकास ओर सबका विश्वास को चरितार्थ किया है। 2022 के विधानसभा चुनाव में यूपी में बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। वेदांती ने कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती कि देश में शांति और स्थिरता रहे, जहां-जहां भी प्रियंका और राहुल जा रहे हैं, वहां आतंकवाद फैलता जा रहा है। कहा कि चीन हमारे देश में अराजकता फैलाने में लगा हुआ है, ये कांग्रेसी गद्दारी कर देश में अराजकता फैलाने के लिए चीन का साथ दे रहे हैं।
वेदांती ने कहा कि साल 2017 की ही तरह 2022 में एक बार फिर बीजेपी की सरकार प्रदेश में बनेगी और दुनिया की कोई ताकत उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने से रोक नहीं सकती। प्रदेश की रामभक्त जनता ने बीजेपी का काम देख लिया है। पूर्व सांसद ने कहा कि कांग्रेस आतंकवादियों से मिलकर देश में अस्थिरता पैदा करना चाह रही है, राहुल गांधी और कांग्रेस चीन के साथ मिलकर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
कहा कि प्रयागराज के बाघंबरी मठ में मारे गए महंत नरेंद्र गिरि की मौत के बारे में जांच कर रही सीबीआई की जांच पर भरोसा जताया और कहा कि जो भी सीबीआई निष्कर्ष देगी वह उचित होंगे।
कहा कि लखीमपुर में हुई घटना में मृतकों के नाम पर प्रियंका गांधी राजनीति कर रही है। उनके साथ नवजोत सिंह सिद्धू और पंजाब और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री आकर धरने पर बैठ रहे है लेकिन मुआवजा बांटने में कांग्रेस पक्षपात कर रही है। कांग्रेस शासित दोनों राज्य पंजाब और छतीसगढ़ की सरकार ने घटना में मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं और पत्रकार को मुआवजा नहीं दिया है जबकि यूपी की बीजेपी सरकार ने बिना कोई पक्षपात किये सभी मृतकों के परिवार को मुआवजा दिया है। यूपी में कांग्रेस अराजकता का माहौल पैदा करना चाहती है।
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती और उमर अब्दुल्ला पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों के राज्य में जम्मू कश्मीर में आये दिन आतंकी घटनायें होती रहती थी। निर्दाेष लोगों की जान जाती थी, लेकिन मोदी सरकार ने सत्ता में आने के बाद जम्मू कश्मीर से धारा 370 खत्म की है और आज जम्मू कश्मीर से आतंकियों का सफाया हो रहा है।
