लखनऊ(हि. स.)। आबकारी विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने गन्ना संस्थान में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कहा कि जनपद इटावा, औरैया व फिरोजाबाद की राजस्व प्राप्ति मामले में लगातार खराब स्थिति है। इन जनपदों के जिला आबकारी अधिकारी के विरुद्ध स्पष्टीकरण प्राप्त कर तत्काल विभागीय कार्यवाही की जाए। साथ ही ,छह जनपदों सम्भल, कानपुर नगर, कानपुर देहात, आजमगढ़, मुजफ्फरनगर तथा मैनपुरी के जिला आबकारी अधिकारियों को भी स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए जाएं।
आबकारी मंत्री ने कहा कि राजस्व प्राप्ति के मामले में जिन जनपदों की स्थिति पिछले कई महीनों से खराब चल रही है, उन जनपदों के जिला आबकारी अधिकारी कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करें अन्यथा उनके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। कानपुर, अयोध्या, मुरादाबाद, सहारनपुर झांसी मण्डल के उप आबकारी आयुक्त को निर्धारित अवधि में लक्ष्य न प्राप्त करने पर अपना उत्तर दें। राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति न करने तथा लापरवाही बरतने पर दण्डात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
आबकारी मंत्री ने कहा कि प्रवर्तन कार्य में इस बात का खास तौर से ध्यान रखा जाए कि किसी भी दशा में जहरीली शराब की बिक्री न हो और न ही किसी अप्रिय स्थिति या मृत्यु की कोई घटना संज्ञान में आए। प्रवर्तन कार्य को और कारगर बनायें । अवैध मदिरा के उत्पादन पर पूरी तरह से अंकुश लगाएं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करें।
समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव आबकारी संजय आर. भूसरेड्डी ने सभी विभागीय अधिकारी एक टीम के रूप में कार्य करने के निर्देश देते कहा कि कार्य में लापरवाही और उदासीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जनपदीय अधिकारी नियमित रूप से दुकानों का निरीक्षण करें, जिससे कि अवैध शराब व अन्य अवैध कार्यों पर तत्काल रोक लगाई जा सके।
शरद
