यूपी के साथ ही मध्यप्रदेश में पुलिस की दस टीमों के 100 अफसर और जवान विभिन्न स्थानों पर लगे
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले मे एसपी सिटी प्रशांत कुमार पर कातिलाना हमले के मामले में हिस्ट्रीशीटर बीजेपी नेता विमल भदौरिया को पकड़ने के लिए पुलिस ने यूपी और मध्य प्रदेश में बड़ा छापामारी अभियान शुरू किया है। विमल भदौरिया के उत्तरप्रदेश से मध्यप्रदेश में छुपने के अनुमान लगाए जा रहे हैं, इसीलिए इटावा की कई टीमें मध्य प्रदेश के संभावित स्थानों पर छापेमारी करने में जुटी हुई है। पुलिस की दस टीमों के 100 अफसर और जवान विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करने मे जुटे हैं। इटावा के एसएसपी डॉ बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम लगी है, लेकिन वह अभी तक फरार है। उसके सभी ठिकानों की छानबीन कर पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। विमल के उदी स्थित आवास पर भी पुलिस की रेड पड़ी, लेकिन वह फरार हो गया।
एसपी सिटी प्रशांत कुमार पर कातिलाना हमले को लेकर हिस्ट्रीशीटर बीजेपी नेता विमल भदौरिया की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। बढ़पुरा थाने में विमल की हिस्ट्रीशीट 100 ए के नाम से दर्ज है। 9 आपराधिक मामले दर्ज है। सबसे पहला मामला 1996 में दर्ज हुआ था। इटावा के बढ़पुरा में शनिवार को ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान 100 से अधिक उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव व फायरिंग की थी। मामले में फरार बीजेपी नेता विमल भदौरिया समेत 125 लोगों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने 10 टीमें गठित की हैं, जो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उदी, बढ़पुरा व मध्यप्रदेश की सीमा पर डेरा डाले हुए है। एक ट्रक पीएसी जवानों के साथ पुलिस टीम उदी गांव में विमल के घर पहुंची, लेकिन वह नहीं मिला। घर के आसपास रहने वालों से बीजेपी नेता के बारे में पुलिस ने पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस आरोपी बीजेपी नेता के रिश्तेदार समेत उसके सभी ठिकानों पर दबिश दे रही है। झगड़े के दौरान पुलिसकर्मियों की ओर से बनाए गए वीडियो व खींची गईं फोटो के आधार पर पुलिस उपद्रवियों को चिह्नित कर पकड़ने का प्रयास कर रही है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए सर्विलांस टीम का भी सहारा ले रही है।
इटावा : एसपी सिटी को थप्पड़ मारने वाले बीजेपी नेता विमल भदौरिया की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
RELATED ARTICLES
