Wednesday, April 1, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयइजरायल के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी को पार्टी में शामिल होने का...

इजरायल के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी को पार्टी में शामिल होने का दिया न्यौता

ग्लासगो (हि.स.)। कोप-26 जलवायु शिखर सम्मेलन में भाग लेने ग्लासगो पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने अपने पार्टी में शामिल होने का न्यौता दिया है। इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने पीएम मोदी से कहा कि आप इजरायल में बहुत लोकप्रिय हैं, आप मेरी पार्टी जॉइन कर लीजिए।

ग्लासगो में कोप 26 जलवायु शिखर सम्मेलन से इतर पहली मुलाकात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट के साथ दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और उच्च-प्रौद्योगिकी तथा नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के बारे में विचारों का आदान-प्रदान किया। इस मुलाकात में दोनों नेताओं की तरफ से काफी गर्मजोशी दिखाई गई। इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने भारत और इजरायल के मजबूत रिश्तों के लिए पीएम मोदी का धन्यवाद भी दिया।

नफ्ताली बेनेट ने कहा कि आप इजरायल में बहुत लोकप्रिय हैं, आप मेरी पार्टी जॉइन कर लीजिए। इसके बाद पीएम मोदी मुस्कुराने लगे और दोनों नेताओं ने एक दूसरे का अभिवादन किया। प्रधानमंत्री मोदी और बेनेट की औपचारिक मुलाकात संक्षिप्त बातचीत के बाद हुई। पीएम मोदी ने इजरायली पीएम नफ्ताली बेनेट के साथ बैठक में कहा है कि भारत के लोग इजरायल के साथ दोस्ती को गहराई से महत्व देते हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने को लेकर मिलकर काम करने की बात कही है।

भारत और इजरायल ने हालिया सालों में अपने द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक स्तर तक बढ़ाया है। दोनों देश मिलिट्री सहयोग के साथ ही इनोवेशन और रिसर्च सेक्टर के साथ कई और क्षेत्र में बड़े स्तर पर काम कर रहे हैं। हाल ही में विदेश मंत्री सुब्रमण्यम जयशंकर इजरायल के दौरे पर थे जहां उन्होंने इजरायली पीएम बेनेट को भारत आने का न्योता दिया था।

RELATED ARTICLES

Most Popular