लखनऊ। इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने जुलाई 2020 सत्र में 184 अकादमिक कार्यक्रमों में प्रवेश लेने की अन्तिम तिथि को 30 सितम्बर तक विस्तृत कर दी गई है।
केवल स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा एवं पीजी डिप्लोमा के इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन लिंक https://ignouadmission.samarth.edu.in के माध्यम से विभिन्न परास्नातक, स्नातक, डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं। अनुसूचित जाति एवं जनजाति के इच्छुक अभ्यर्थी भी ऑनलाइन लिंक के द्वारा इग्नू में प्रवेश ले सकते हैं। ऐसे अभ्यर्थियों के लिए स्नातक, डिप्लोमा एवं पीजी डिप्लोमा कार्यक्रम में प्रवेश निशुल्क है। इग्नू ने जुलाई 2020 सत्र से कुछ कार्यक्रमों को ऑनलाइन विधि से भी आरम्भ किया है। जिनमे https://iop.ignouonline.ac.in/ के लिंक पर जाकर प्रवेश लिया जा सकता है।
क्षेत्रीय निदेशक डॉ. मनोरमा सिंह ने बताया कि इग्नू 12वीं उत्तीर्ण किये हुए ऐसी सभी अभ्यर्थियों के लिए अवसर प्रदान करती है, जिन्हे किसी भी कारणवश नियमित विवविद्यालय में प्रवेश नहीं प्राप्त हो सका है। उन्होंने बताया कि जुलाई 2020 सत्र से इग्नू ने बीए में अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, लोक प्रशासन, समाजशास्त्र विषयों में आनर्स कार्यक्रम और बीएससी में भूगर्भशास्त्र, विषय में आनर्स कार्यक्रम आरम्भ किये हैं।
इसके साथ ही बीए सामान्य, बीकॉम सामान्य एवं बीएससी सामान्य तथा स्नातक स्तर पर व्यवसायिक पाठ्यक्रम पर्यटन प्रशासन विषय में भी प्रवेश लेने की सुविधा प्रदान कर रहा है। डॉ.सिंह ने कहा कि क्षेत्रीय केन्द्र इस कोविड-19 के समय में गूगल मीट, वाट्सऐप, ई-मेल, फेसबुक लाइव प्रोग्राम के द्वारा विद्यार्थियों को सभी जानकारी देने का प्रयास कर रहा है।
डॉ. अनामिका सिन्हा, सहाकय क्षेत्रीय निदेशक ने कहा है कि इग्नू ने जुलाई 2020 सत्र से मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली के माध्यम से संस्कृत में स्नातकोत्तर डिग्री प्रोग्राम शुरू किया है किसी भी विषय में स्नातक किए हुए इच्छुक अभ्यर्थी एमए संस्कृत कार्यक्रम में प्रवेश ले सकते हैं।
डॉ. सिन्हा ने कहा कि वे विद्यार्थी जो कि संस्कृत भाषा के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं, उनके लिए यह कार्यक्रम बहुत ही उपयोगी सिद्ध होगा। इसके अतिरिक्त इग्नू ने जुलाई 2020 सत्र से पर्यावरण विज्ञान में स्नातकोत्तर एमएससी पर्यावरण विज्ञान कार्यक्रम भी शुरू किया है। विस्तृत जानकारी इच्छुक अभ्यर्थी www.ignou.ac.in से प्राप्त कर सकते है।
