लखनऊ (हि.स.)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जनवरी 2021 सत्र में प्रवेश लेने के लिए कुछ डिप्लोमा कार्यक्रमों का आरम्भ किया है। इन डिप्लोमा कार्यक्रमों को करके अभ्यर्थी अपनी व्यावसायिक कुशलता का विकास कर सकता है।
क्षेत्रीय निदेशक डॉ. मनोरमा सिंह ने बताया कि इन तीन नए डिप्लोमा कार्यक्रमों में बागवानी में डिप्लोमा, डिप्लोमा इन वैल्यू एजुकेशन और थिएटर कला में डिप्लोमा है। इन तीनों डिप्लोमा कार्यक्रमों की न्यूनतम समय अवधि एक वर्ष की है और अधिकतम समय अवधि तीन वर्ष की है। इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू की वेबसाइट www.ignou.ac.in पर जाकर ऑनलाइन मोड से इन कार्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं।
सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनामिका सिन्हा ने बताया कि इन तीनों ही डिप्लोमा कार्यक्रमों के माध्यम से अध्ययनकर्ता की शैक्षणिक और व्यवसायिक योग्यताओं में अभिवृद्धि होगी और रोजगार प्राप्त करने की संभावनाएं बढ़ जाएंगी। डॉ. सिन्हा ने बताया कि इग्नू के इन डिप्लोमा कार्यक्रमों में अनुसूचित जाति एवं जनजाति के अभ्यर्थी के लिए प्रवेश नि:शुल्क है। इग्नू ने जनवरी 2021 सत्र के प्रवेश प्रक्रिया की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 मार्च 2021 कर दी है और इच्छुक अभ्यर्थी ignouadmission.samarth.edu.in पर जाकर अपना प्रवेश सुनिश्चित कर सकते हैं।
