Wednesday, March 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशइग्नू की सत्रांत परीक्षायें 17 से, सात जेलों में भी बनाए गए...

इग्नू की सत्रांत परीक्षायें 17 से, सात जेलों में भी बनाए गए परीक्षा केन्द्र

लखनऊ। इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की सत्रांत परीक्षायें 17 सितम्बर से आयोजित की जा रही हैं। यह परीक्षायें 16 अक्टूबर तक चलेंगी, जिसमें विश्वविद्यालय के अन्तर्गत सभी परीक्षा केन्द्रों में अभ्यर्थी 250 से अधिक विषयों की परीक्षा में सम्मिलित होंगे। ये परीक्षायें दो पाली में कराई जायेंगी। पहली पाली प्रातः 10 बजे से 01 बजे तक एवं दूसरी पाली अपराह्न 02 बजे से 05 बजे तक आयोजित की जायेगी। इग्नू ने कुल 718 परीक्षा केन्द्र राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर बनाये गये हैं जिनमें 59 केन्द्र जेलों में बन्दियों के लिए भी स्थापित किये गए हैं। 
क्षेत्रीय निदेशक डॉ. मनोरमा सिंह ने परीक्षार्थियों को सत्रांत परीक्षा के लिए सोमवार को शुभकामनायें देते हुए कहा कि सभी परीक्षार्थी अपने परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा से आधे घण्टे पूर्व पहुंच जाएं। क्षेत्रीय निदेशक ने बताया कि लखनऊ में इग्नू के दो परीक्षा केन्द्र श्री जय नारायण डिग्री कॉलेज, चारबाग एवं लखनऊ क्रिश्चियन डिग्री कॉलेज, गोलागंज बनाये गये हैं एवं इसके अतिरिक्त इग्नू की परीक्षायें कानपुर, बलरामपुर, झांसी, शाहजहांपुर, हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, फतेहगढ़, गोलागोकर्णनाथ, बरेली, पीलीभीत, पुखरायां, ललितपुर, अयोध्या, रायबरेली एवं अमेठी में आयोजित की जायेंगी। वहीं जेल के बन्दियों के लिए मॉडल जेल, लखनऊ, जिला जेल शाहजहांपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, रायबरेली, झांसी एवं केन्द्रीय कारागार-बरेली में परीक्षा केन्द्र बनाये गए हैं। 
डॉ. सिंह ने बताया कि वर्तमान में कोरोना की परिस्थितियों में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं सामाजिक दूरी के पालन का विषेष रूप से परीक्षा केन्द्रों पर ध्यान रखा जाएगा, साथ ही विद्यार्थियों को भी अपने एवं साथी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सामाजिक दूरी के पालन एवं कोरोना सम्बन्धित सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों के पालन की सलाह दी जाती है।
सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. रीना कुमारी ने बताया कि विद्यार्थी अपना प्रवेश-पत्र इग्नू की वेबसाइट www.ignou.ac.in से डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा केन्द्र पर किसी प्रकार का मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण न ले कर जाएं और सभी परीक्षार्थियों को इग्नू द्वारा जारी परिचय पत्र लाना आवश्यक है। विद्यार्थियों की सहायता के लिए वृन्दावन योजना स्थित इग्नू, क्षेत्रीय केन्द्र, लखनऊ कार्यालय पर 16 सितम्बर को हेल्पडेस्क की स्थापना की गयी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular