लखनऊ(हि.स.)। भारतीय मजदूर संघ ने बुधवार को पूर्व निर्धारित तिथि के अनुसार लखनऊ के ईको गार्डेन में ‘जागो सरकार-मजदूर आपके द्वार’ के नारे के साथ रैली शुरू कर दी है। इस रैली में शामिल होने के लिए प्रदेशभर से विभिन्न विभागों के असंगठित व संगठित क्षेत्र के हजारों कर्मचारी व बड़ी संख्या में महिलाएं इको गार्डेन पहुंची हैं।
भारतीय मजदूर संघ के क्षेत्र संगठन मंत्री अनुपम ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि विभिन्न विभागों में कार्यरत नियमित, संविदा व आउटसोर्सिंग के लाखों कर्मचारियों की समस्याएं बहुत समय से लंबित पड़ी हैं। संगठन ने कई बार इन कर्मचारियों की समस्याओं को सरकार के सामने रखीं। लेकिन समस्याओं का निस्तारण में सरकार ने रूचि नहीं दिखाई।
उन्होंने कहा कि अधिकांश विभागों में बड़ी संख्या में संविदा व आउटसोर्संग के कर्मचारी काम कर रहे हैं। इनकी कोई नियमावली न होने की वजह से इन कर्मचारियों को कभी भी नौकरी से निकाल दिया जाता है और न ही उनको पूरा वेतन दिया जाता है। सामाजिक सुरक्षा भी नहीं है। यह सभी सुविधाएं प्रदान की जाये।
अनुपम ने कहा कि आज की रैली के बाद यदि सरकार हमारी मांगों को नहीं मानती है तो मजदूर संघ प्रदेशव्यापी आन्दोलन करेगा।
बृजनन्दन/मोहित
