Wednesday, March 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशइंद्रकांत हत्याकांड:अखिलेश बोले दिखावटी निलम्बन की लीपापोती न करके गिरफ्तारी करे सरकार

इंद्रकांत हत्याकांड:अखिलेश बोले दिखावटी निलम्बन की लीपापोती न करके गिरफ्तारी करे सरकार

लखनऊ। महोबा के पूर्व पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार पर वसूली का आरोप लगाने वाले व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी की हत्या को लेकर विपक्ष योगी सरकार पर हमलावर हो गया है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि महोबा के ‘इंद्रकांत त्रिपाठी सरकारी हत्याकांड’ में दिखावटी सस्पेंशन की लीपापोती न करके सरकार गिरफ्तारी करे। आरोपित पुलिस कप्तान व डीएम के खिलाफ इतनी ढिलाई क्यों? पुलिस किस अधिकार से जन प्रतिनिधियों को जनता से मिलने व उनके मुद्दे उठाने से रोक रही है? क्या कोई हिस्सेदारी है?
अखिलेश ने इससे पहले भी सरकार पर इस मामले को लेकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में व्याप्त भ्रष्टाचार का भंडाफोड़ करने वाले व्यापारी इन्द्रकांत त्रिपाठी की हत्या ने साबित कर दिया है कि शासन की ‘ठोको नीति’, पुलिस-प्रशासन के ‘फेक एनकाउंटर’, विपक्षी राजनीतिज्ञों के ऊपर ‘झूठे मुकदमों’ की भाजपाई नीति से उप्र किस गर्त में चला गया है।
वहीं कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि महोबा के व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी की हत्या पूरी उप्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल है। बीजेपी सरकार में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। और अब इस सरकार के अफसर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुपारी दिलवा रहे हैं। जंगलराज का भयावह रूप है ये।
महोबा के क्रशर व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी ने वीडियो वायरल कर पूर्व पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार पर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। इस मामले में पाटीदार के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 और 120बी के तहत केस दर्ज है। इसके बाद इंद्रकांत को गोली मार दी गई थी। इलाज के दौरान इंद्रकांत की मौत हो गई। इंद्रकांत का शव सोमवार को परिजनों को सौंपा गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उनकी शव यात्रा निकली और अंतिम संस्कार किया गया। 
मृतक इंद्रकांत के बड़े भाई विजय कुमार त्रिपाठी ने भाई की हत्या में नामजद पूर्व पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार, एसओ कबरई देवेंद्र शुक्ला, विस्फोटक डीलर सुरेश सोनी व ब्रह्मदत्त की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक यह लोग बाहर हैं निष्पक्ष जांच संभव नहीं है। 
कहा कि उनका भाई भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। पुलिस अधीक्षक के चलते अब खुद उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हो चुका है। ऐसे में वह मुख्यमंत्री से अनुरोध करेंगे कि परिवार की सुरक्षा के साथ ही आर्थिक मदद करें ताकि इंद्रजीत के बच्चे पल बढ़ सकें।

RELATED ARTICLES

Most Popular