मेरठ (हि.स.)। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने कहा कि जनता को लूटना भाजपा की नीति है। भाजपा उद्योगपतियों की सरकार है। गरीबों को परवाह भाजपा को नहीं है। इंडिया गठबंधन से भाजपा घबरा गई है।
बुढ़ाना गेट स्थित पार्टी कार्यालय पर शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अवनीश काजला और शहर अध्यक्ष जाहिद अंसारी ने कहा कि गैस की कीमतों में कटौती बहुत आश्चर्य की बात है। प्रधानमंत्री ने एलपीजी सिलेंडर सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बहुत ज्यादा वृद्धि कर दी। इससे देश के लोगों को पीड़ा हुई, लेकिन केंद्र सरकार ने लोगों की पीड़ा की परवाह नहीं की। उन्हें अचानक उनके दर्द का एहसास हुआ और कीमत 200 रुपए कम कर दी गई। एलपीजी सिलेंडर कि क़ीमत 2014 से लगातार बड़ी है और पिछले सात वर्षों में 2 गुना हो गई।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 2020 से सब्सिडी भी देना बंद कर दिया है। पिछले दो दशकों में एलपीजी मूल्य वृद्धि के कनेक्शन पर नजर डालें तो मतदाताओं को आंखें खुल जाएगी जो कि एलपीजी बढ़ोतरी स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि कीमत केवल भाजपा शासन के दौरान ही बढ़ाई गई है। पिछले नौ वर्ष में मोदी सरकार ने रसोई गैस के दाम लगातार बढ़कर 31.37 करोड़ लोगों को लूटा है। उन्होंने जनता की जेब पर 833640 करोड़ से ज्यादा की लूट की है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन से भाजपा घबरा गई है। जनता ने भाजपा को चुनाव में हराने का मन बना लिया है।
इस अवसर पर प्रवक्ता हरिकिशन अंबेडकर, सलीम खान, महेंद्र शर्मा, अंसार अहमद, मुकेश गुप्ता, नईम राणा आदि मौजूद रहे ।
कुलदीप/पदुम नारायण
