बहराइच (हि.स.)। वन्यजीव प्रभाग के कतर्नियाघाट रेंज में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और वन विभाग की ओर से कोई सुरक्षा का इंतजाम नहीं किए गए हैं। इसी के तहत गुरुवार की रात को एक तेंदुए ने इंजीयिर के सरकारी आवास में घुसकर दो खरगोश को अपना निवाला बना लिया।
घाघरा बैराज प्रभारी इंजीनियर संतराम वर्मा अपने संयुक्त परिवार के साथ सुजौती थाना क्षेत्र स्थित सिंचाई कॉलोनी गिरिजापुरी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि बीती रात 10 बजेअपने परिवार के साथ बैठकर आंगन में खाना खा रहे थे। तभी उनके आवास की दीवार को फांदकर एक तेंदुआ आ गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग अपनी जान बचाकर कमरे के पहुंच गये। वहीं, तेंदुए ने खरगोश के झुंड पर हमला बोला और दो खरगोश को जबड़े में दबोचकर दीवार फांदकर भाग गया।
तेंदुए को देखकर सहमे इंजीनियर ने घटना की जानकारी रेंज कार्यालय को दी। संतराम वर्मा ने बताया कि पिछले एक माह के करीब से कॉलोनी में तेंदुए का आतंक कुछ ज्यादा ही बढ़ गया है। कभी भी कोई बड़ी घटना घट सकती है, लेकिन कॉलोनी वासियों के लिए वन विभाग की ओर से सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं।
राहुल/दीपक
