Saturday, April 4, 2026
Homeअन्यआसमान में छाएं रहेंगे बादल, बारिश का करना होगा इंतजार

आसमान में छाएं रहेंगे बादल, बारिश का करना होगा इंतजार

कानपुर (हि.स.)। मानसून की ट्रफ रेखा कानपुर परिक्षेत्र से हटी हुई है और मध्य प्रदेश के आसपास से गुजर रही है। इससे तेज बारिश के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ेगा, लेकिन आसमान में बादल छाये रहेंगे। हालांकि स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश होती रहेगी और तापमान भी सामान्य रहेगा।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र अब पूर्वोत्तर अरब सागर और गुजरात और दक्षिण पाकिस्तान के आस-पास के हिस्सों पर स्थित है। संबंधित चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 किमी तक फैला हुआ है। यह पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और 12 अगस्त की शाम तक एक डिप्रेशन में सशक्त हो सकता है।

मॉनसून की ट्रफ कम दबाव वाले क्षेत्र, दीसा, गुना, सतना, डाल्टनगंज, बालासोर और फिर दक्षिण-पूर्वी की तरफ उत्तर बंगाल की खाड़ी की ओर जा रही है। ईस्ट वेस्ट शीयर जोन लगभग 23 डिग्री उत्तर में चल रहा है। अपतटीय ट्रफ रेखा पूर्वोत्तर अरब सागर के ऊपर कम दबाव वाले क्षेत्र से उत्तरी केरल तट तक फैली हुई है। चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र गंगीय पश्चिम बंगाल और उसके आस-पास औसत समुद्र तल से 1.5 से 7.6 किमी ऊपर है। 13 अगस्त के आसपास बंगाल की उत्तरी खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

बताया कि अधिकतम तापमान 32.0 और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 84 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 73 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रही जिनकी औसत गति 14.8 किमी प्रति घंटा रही। आगामी पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण 12 से 14 अगस्त के मध्य तेज हवाओं एवं गरज-चमक के साथ केवल हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।

अजय

RELATED ARTICLES

Most Popular