कानपुर देहात(हि.स.)। सरिया और सीमेंट के दामों ने इस बार सारे रिकॉर्ड पार कर दिए हैं। उम्मीद से ज्यादा बढ़े दामों ने घर का निर्माण करवा रहे लोगों ने काम रोकना उचित समझ लिया है। यही कारण है कि मैटेरियल की दुकानदारों को इस तपती गर्मी में दुकानों में खाली बैठना पड़ रहा है।
रूस और यूक्रेन के युद्ध से घर के निर्माण में उपयोग होने वाले सामान में बढ़ोत्तरी भी साफ तौर पर देखने को मिल रही थी। इस बढ़ोत्तरी ने इस कदर पैर पसारे हैं कि की लोगों ने बन रहे घरों के निर्माण को बंद करना ही उचित समझा है। आपको बता दें, जब यह युद्ध शुरू हुआ था तब सरिया के दाम लगभग 60 रुपये प्रति किलो थे और वह बढ़ते-बढ़ते 82 रुपये तक पहुंच गए थे। हालांकि बीते एक सप्ताह से सरिया के दामों में कमी आई है और दाम 72 रुपये तक आ चुके हैं। लेकिन घरों के निर्माण में सबसे ज्यादा उपयोग होने वाली सीमेंट के दामों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए है। बीते एक सप्ताह में सीमेंट के दामों ने आग पकड़ रखी है और प्रति बोरी 50 रुपये तक दाम बढ़ गए हैं। वहीं जानकारों का कहना है कि अभी सीमेंट में दामों में 30 रुपये तक और बढ़ोत्तरी हो सकती है।
जनपद के पुखरायां कस्बे में बिल्डिंग मैटेरियल के दुकानदार अंशुल सिंह गौर ने बताया कि उनकी समझ में पहली बार इस वर्ष बिल्डिंग मैटेरियल में इतने दाम बढ़े हैं। अंशुल बताते हैं कि वैसे भी गर्मी का प्रकोप है और बाहर का काम नहीं हो पाता है जिससे बिक्री में फर्क आता है वहीं सीमेंट के बढ़ते दामों ने बिक्री को ठप कर दिया है। उम्मीद कम है कि सामान के दाम कम होंगे पर यही आश है कि जल्द दाम कम हों और बन्द पड़े हुए काम फिर से चालू हो जाएं।
अवनीश
