रोहित कुमार गुप्ता
उतरौला बलरामपुर।
उतरौला नगर क्षेत्र में शोभायात्रा निकालने के साथ ही आर्य समाज का 79 वां वार्षिकोत्सव मंगलवार से शुरू हुआ। आर्यसमाज से शुरू हुई शोभायात्रा नगर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्यामाप्रसाद मुखर्जी चौराहा पहुंची। वहां से अंबेडकर चौराहा होते हुए आर्य समाज पर शोभायात्रा समाप्त हुई। शोभायात्रा के दौरान आर्य विद्वानों ने वेद मंत्रों का उच्चारण करते हुए आर्यसमाज के सिद्धांत व ऋषि दयानंद के संदेशों का प्रचार किया।
चार मार्च तक चलने वाले वार्षिकोत्सव के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह यज्ञ-हवन के उपरांत दोपहर में सत्संग व रात में विभिन्न विषयों पर सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान आर्य समाज के संबंध में लोगों की जिज्ञासा का समाधान भी किया जाएगा।
आर्यसमाज के प्रधान दिलीप आर्य ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि एक मार्च को आर्य सिद्धांत एवं वैदिक सम्मेलन, दो मार्च को स्त्री सम्मेलन तीन मार्च को युवा सम्मेलन व चार मार्च को राष्ट्र रक्षा सम्मेलन आयोजित होगा। कार्यक्रम में बरेली के भजनोपदेशक भानु प्रकाश शास्त्री, आगरा के आचार्य हरीशंकर अग्निहोत्री, बहराइच के ठाकुर प्रसाद आर्य, काशी के इंदल आर्य प्रमुख वक्ता होंगे। शोभायात्रा में दिनेश आर्य, मोतीलाल आर्य, सतीश कुमार, सचिन कुमार, ज्ञान प्रकाश आर्य, भगवती प्रसाद, भरत कुमार, रवि प्रकाश समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
आर्य समाज का 79 वां वार्षिकोत्सव मंगलवार से शुरू
RELATED ARTICLES
