मीरजापुर(हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के पीरवाजी शहीद मुहल्ले में युवक ने आर्थिक तंगी व गृह कलह से तंग आकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। घटना शुक्रवार की सुबह लगभग 10 बजे की है। घटना के समय मृतक की पत्नी कहीं बाहर गई हुई थी। वह वापस लौटी तो पति छत में लगे पंखे की कड़ी में साड़ी के सहारे लटका था, जिसे देख कर वह स्तब्ध रह गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं।
चुनार कोतवाली क्षेत्र के सद्दूपुर गुरुद्वारा गली निवासी रविशंकर पटवा (32) पुत्र राजेंद्र प्रसाद पटवा ने नौ वर्ष पूर्व चुनार के मोची टोला निवासिनी रानी देवी के साथ प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से ही दोनों पति-पत्नी महाराष्ट्र के पूना में रहकर गुजर-बसर करते थे। दोनों के आठ वर्ष की पुत्री एंजल व तीन वर्ष का पुत्र श्रेयस है।
मृतक की पत्नी रानी ने बताया कि करीब सात महीने पहले उसके ससुर की तबियत खराब थी और उन्होंने संदेश भेजकर दोनों को पूना से चुनार बुला लिया। इसके बाद आए दिन घर में जेठ और ससुर से रवि की कलह होने लगी, जिससे आजिज आकर एक माह पूर्व दंपती ने पीरवाजी शहीद मुहल्ले में किराए पर कमरा ले लिया और वहां रहने लगे।
मृतका की पत्नी ने पुलिस को बताया कि पांच दिनों से उसके घर में बच्चों को खाने के लिए कुछ नहीं था। इसे लेकर रवि काफी परेशान था। आर्थिक तंगी और गृह कलह से तंग आकर शुक्रवार की सुबह उसने पंखे के सहारे लटक कर आत्महत्या कर ली। जानकारी पर पहुंचे कोतवाल गोपाल प्रसाद गुप्ता ने शव को अन्त्य परीक्षण के लिए भिजवाया।
गिरजा शंकर
