झांसी(हि. स.)। थाना सीपरी बाजार क्षेत्र के एक वार्ड से निर्दलीय के रुप में पार्षद का चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी ने जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर सत्ता दल के एक नेता पर नामांकन वापस न लेने पर पुलिसिया उत्पीड़न कराने का आरोप लगाते हुए कार्यवाही की मांग की। साथ ही परिवार की सुरक्षा और निष्पक्ष चुनाव की गुहार लगाई।
नगर निगम के वार्ड नंबर 49 गोदू कम्पाउंड निवासी बाल किशन कुशवाहा ने जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह निर्दलीय के रूप में पार्षद का चुनाव लड़ रहा है। इस वार्ड से उसके अलावा सत्ता दल के एक नेता की पत्नी भी चुनाव में है। आरोप लगाया कि वार्ड में केवल दो ही प्रत्याशी मैदान में होने के चलते उक्त नेता अपनी पत्नी को निर्वीरोध कराने के लिए उस पर नाम वापस लेने का दबाव बना रहा है। साथ सत्ता का लाभ उठाकर पुलिसिया उत्पीड़न कराकर उसे व उसके परिवार को परेशान कराने और झूठे मुकदमें में फंसाने का ताना-बाना बुन रहा है। पीड़ित ने उक्त मामले में कार्यवाही कराकर निष्पक्ष चुनाव कराने और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई।
महेश
