नई दिल्ली (हि.स.)। कोविड-19 महामारी की तीसरी लहर की आशंका के बीच रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास की अध्यक्षता में मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक बुधवार से शुरू हो गई है। एमपीसी की बैठक के नतीजों की घोषणा 6 अगस्त को होगी।
हर दो महीने में रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की द्वैमासिक समीक्षा बैठक होती है। एमपीसी की इस बैठक में अर्थव्यवस्था में सुधार पर चर्चा की जाती है और साथ ही ब्याज दरों का फैसला लिया जाता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि कोविड-19 की तीसरी लहर और महंगाई बढ़ने की आशंकाओं के बीच शुक्रवार को घोषित की जाने वाली समीक्षा में नीतिगत ब्याज दर को मौजूदा स्तर पर ही बनाए रख सकता है। दरअसल इस बैठक में बढ़ती खुदरा महंगाई के चलते प्रमुख नीतिगत दरों को जस का तस रखने की पूरी संभावना है।
