Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआरएसएस प्रमुख अड़गड़ानंद व देवरहा बाबा आश्रम पहुंचेंगे, संतों से करेंगे मुलाकात

आरएसएस प्रमुख अड़गड़ानंद व देवरहा बाबा आश्रम पहुंचेंगे, संतों से करेंगे मुलाकात

– 20 जुलाई को मीरजापुर आएंगे मोहन भागवत, 21 जुलाई को पहुचेंगे काशी

– रामदूत हनुमान को चढ़ाएंगे 51 मन लड्डू का भोग, अखंड भारत का लेंगे संकल्प

मीरजापुर (हि.स.)। पांच दिवसीय कार्यक्रम पर निकले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत 20 से 21 जुलाई तक मीरजापुर प्रवास करेंगे। मां विंध्यवासिनी की आंचल में देवरहा बाबा आश्रम व सक्तेशगढ़ स्थित परमहंस अड़गड़ानंद आश्रम पहुंच बाबा का आशीर्वाद लेंगे और संतों से मुलाकात करेंगे।

मोहन भागवत 20 जुलाई को सक्तेशगढ़ स्थित परमहंस आश्रम में स्वामी अड़गड़ानंद महाराज का आशीर्वाद लेंगे और संतों से मुलाकात करेंगे, फिर विंध्याचल के पास स्थित देवरहा बाबा आश्रम पहुंच देवरहा बाबा का आशीर्वाद लेंगे। आश्रम में मौजूद योग साधना धाम तपोस्थली विश्राम गृह में रात्रि विश्राम करेंगे। 21 जुलाई को सुबह स्नान-ध्यान के बाद देवराहा बाबा आश्रम में स्थित रामदूत हनुमान को 51 मन लड्डू का भोग लगाएंगे और अखंड भारत का संकल्प लेंगे। इसके बाद वे काशी पहुचेंगे। संघ से जुड़े एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि सरसंघचालक संघ कार्य, विचार और समसामयिक विषयों पर चर्चा के लिए प्रवास पर निकलते हैं। काशी प्रवास का कार्यक्रम इसी क्रम का हिस्सा है।

पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर, सुरक्षा व्यवस्था चौकस

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है और तैयारियां तेज कर दी गई है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने सभी व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। अमरावती चौराहा से लेकर देवरहा आश्रम तक जाने वाले मार्ग को लोक निर्माण विभाग ने चमका दिया है। सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त कर ली गई है।

कमलेश्वर शरण/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular