Tuesday, March 3, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलआरएसएस की लखनऊ में दो दिवसीय बैठक, अरुण कुमार होंगे शामिल

आरएसएस की लखनऊ में दो दिवसीय बैठक, अरुण कुमार होंगे शामिल

– राजधानी लखनऊ में 11 सितंबर को संघ के अनुषांगिक संगठनों की और 12 को संघ की होगी बैठक

लखनऊ (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की दो दिवसीय बैठक राजधानी लखनऊ में होने जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक 11 सितंबर को संघ के सभी अनुषांगिक संगठनों की बैठक होगी। इसके बाद 12 सितंबर को संघ की अपनी बैठक होगी। यह बैठक निराला नगर सरस्वती शिशु मंदिर में प्रस्तावित है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार भाजपा और संघ के बीच के समन्वय का दायित्व मिलने के बाद पहली बार लखनऊ आ रहे हैं। वह इस बैठक में शामिल होंगे। उनके अलावा अखिल भारतीय स्तर के अधिकारियों में संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल भी मौजूद रहेंगे। अरुण कुमार के प्रस्तावित कार्यक्रम से संघ की इस बैठक को 2022 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

बैठकों में पार्टी संगठन से जुड़े अभियान, समाज में मौजूदा समय में उठ रहे मुद्दों, भाजपा के आंतरिक विषयों पर मंथन होगा। संघ के वरिष्ठ अधिकारी जनता की नब्ज टटोलेंगे। जनता के मन में उठ रहे सवाल क्या हैं ? उनका समाधान कैसे किया जाए ? इसके अलावा सरकार के कामकाज को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। कुल मिलाकर दो दिवसीय बैठक में उत्तर प्रदेश और यहां के जनमानस के बारे में उनके बेहतर भविष्य को लेकर समग्रता से चर्चा की जाएगी।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पहले दिन की बैठक में विविध क्षेत्रों के संगठनों के प्रमुख शामिल होंगे। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा पार्टी के कुछ अन्य महत्वपूर्ण नेता भी इस बैठक में शामिल होने वाले हैं। दो दिवसीय बैठक में उत्तर प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular