मीरजापुर (हि.स.)। जिले के ग्राम कछवा निवासी पूर्व आईपीएस आरएन सिंह के नोएडा स्थित आवास से आयकर विभाग की छापेमारी में करोड़ों रुपये बरामद होने पर उनके गांव में हड़कंप मच गया। नोएडा के बाद अब उनके गांव स्थित आवास पर भी छापेमारी की प्रबल संभावना है।
कुछ साल पहले आरएन सिंह डीजी (अभियोजन) के पद से रिटायर हुए थे। तभी से वे कछवा एवं नोएडा में रहते आ रहे हैं। कछवा में उन्होंने करोड़ों की संपत्ति बना ली है। विगत दिनों जब आयकर टीम ने पूर्व आईपीएस के घर छापेमारी की तो लोगों ने सोचा उनके पास कुछ नहीं मिलेगा लेकिन जब छापेमारी में पांच करोड़ 75 लाख बरामद हुआ तो लोग हैरान हो गए। नोएडा के आवास के बेसमेंट में कुल 640 प्राइवेट लॉकर मिले हैं। पूर्व आईपीएस के घर करोड़ों रुपये बरामद होने की खबर लगते ही उनके गांव में हड़कंप मच गया। सभी हैरानी जताने लगे कि ईमानदार अधिकारी माने जाने वाले आरएन सिंह के घर पर इतनी भारी मात्रा में रुपये कहां से आ गए।
गिरजा शंकर
