आयुक्त रात में पहुंचे अस्पताल, दुर्दशा देख हुए दंग

भर्ती मरीजों का उपचार करते मिले अनधिकृत व्यक्ति

शराब पीकर अभद्रता करने वाले युवक को किया पुलिस के हवाले

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। देवीपाटन मण्डल के आयुक्त द्वारा बीती रात किए गए एक अस्पताल के औचक निरीक्षण में शराब पीकर उत्पात करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस के हवाले कर दिया गया। साथ ही अस्पताल में तैनात हेल्थ सुपरवाइजर (एचएस) के स्थान पर उसके पुत्र द्वारा ड्यूटी किए जाने तथा सक्षम प्राधिकारी से बिना किसी आदेश के अप्रेंटिस करने वाले दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी समुचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मण्डलायुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने सोमवार को बताया कि रविवार की रात करीब 10 बजे उन्होंने बहराइच जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पयागपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपने को वार्ड नंबर 10 का सभासद बताने वाला शिवेंद्र विक्रम सिंह पुत्र उदय प्रताप सिंह निवासी कोट बाजार शराब के नशे में अस्पताल में पाया गया। उपस्थित तीमारदारों ने कहा कि यह व्यक्ति प्रतिदिन शराब के नशे में अस्पताल में आकर उत्पात करता है। स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ मिलकर दलाली करता है। अस्पताल आते-जाते मरीजों से उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर दबंगई पूर्वक वसूली भी करता है। अस्पताल कर्मचारियों ने दबे स्वर में बताया कि इसके दबंगई से महिला कर्मचारी एवं स्टाफ नर्स रात में ड्यूटी नहीं करना चाहती। इसी कारण डॉक्टर व अन्य कर्मचारी भी रात में अस्पताल में नहीं रहते। इस पर आयुक्त ने पयागपुर के थानाध्यक्ष को मौके पर बुलाकर आवश्यक कार्यवाही किए जाने का निर्देश देते हुए शिवेंद्र को उनके हवाले कर दिया। इस सम्बंध में पूछे जाने पर पयागपुर के प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पाण्डेय ने फोन पर बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आयुक्त ने बताया कि अस्पताल में तैनात एचएस रोहित कुमार के स्थान पर उनका लड़का पवन कुमार अवैध रूप से ड्यूटी करता पाया गया। जनरल वार्ड में संदीप नामक व्यक्ति मरीज का इलाज करता पाया गया। पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह अप्रेंटिस कर रहा है, किंतु किसी सक्षम अधिकारी का लिखित आदेश उसे अभी नहीं मिला है। आयुक्त ने इन दोनों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अस्पताल में पेट दर्द के उपचार हेतु भर्ती उर्मिला पत्नी परशुराम ने बताया गया कि अप्रेंटिस करने वाले व्यक्ति द्वारा दोपहर में उन्हें सुई लगाई गई है। इसके बाद से उनकी तबियत और अधिक खराब हो गई है। एक अन्य मरीज सरोज देवी पत्नी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि उनका भी पेट दर्द कर रहा है। उनके साथ मौजूद तीमारदार गुलाब चंद ने बताया कि उनके द्वारा 700 रुपए की दवा बाहर से खरीद कर लाई गई है। अस्पताल में मुफ्त की दवा नहीं मिलती है। महिमा सिंह पुत्री लल्लन सिंह ने बताया कि उन्हें उल्टी और पेट दर्द की समस्या है। दोपहर से ही वह भर्ती हैं, किंतु दवा के नाम पर एक ग्लूकोज की बोतल टांग दी गई है। अन्य किसी प्रकार की दवा अस्पताल से नहीं मिली है। बाहर की ही दवाएं लिखी जा रही हैं। जो सक्षम होता है, वह दवा लाता है। गरीब व कमजोर वर्ग के मरीजों को गंभीर होने की दशा में जिला अस्पताल रेफर कर दिया जाता है। स्टाफ नर्स द्वारा बताया गया कि प्रसव हेतु दो महिलाएं भर्ती हैं। अभी उनका प्रसव नहीं हुआ है। नॉर्मल प्रसव होने की संभावना है।
आयुक्त ने कहा कि अस्पताल में ड्यूटी चार्ट नहीं लगा था। परिणाम स्वरूप आज रात में किस डॉक्टर और किन-किन अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी है, इसका पता नहीं चल पा रहा था। ड्यूटी चार्ट न लगाने पर उन्होंने कठोर चेतावनी दी। निरीक्षक के दौरान आपातकालीन चिकित्सक डा. अब्दुल वाहिद, स्टाफ नर्स प्रतिमा तिवारी व आशा देवी एवं फार्मासिस्ट ठाकुर प्रसाद उपस्थित रहे। जबकि अधीक्षक डा. थानेदार अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पूर्वी एवं मुख्य गेट एवं परिसर में काफी जलभराव एवं गड्ढे हैं। अस्पताल के अंदर शौचालय, प्रसव कक्ष सहित बरामदे और जनरल वार्ड में काफी गंदगी है। आयुक्त ने इसके निस्तारण हेतु मौके पर उपस्थित इमरजेंसी डॉक्टर को निर्देश दिया गया। निरीक्षण का कोलाहल सुनने पर कुछ देर बाद बीडीएस मनदीप कुमार भी पहुंचे। डॉक्टर वाहिद ने बताया कि अस्पताल में कुल चार एमबीबीएस डॉक्टरों की तैनाती है। दवा वितरण कक्ष बंद पाया गया। मरीजों द्वारा बताया गया कि कभी-कभी ही जनरेटर चलता है। परिसर में काफी अंधेरा छाया हुआ था। रात में प्राथमिक उपचार के अतिरिक्त अस्पताल में कोई सेवा उपलब्ध नहीं है। मरीजों को सीधे जिला अस्पताल रेफर कर दिया जाता है। इस कार्रवाई पर मौके पर उपस्थित मरीजों की परिजनों ने काफी राहत की सांस ली और प्रशासन की सराहना की।

यह भी पढें : भारी बारिश में क्या करें, क्या न करें

हमारी अन्य खबरों को सीधे पोर्टल पर जाकर भी पढ़ सकते हैं। इसके लिए क्लिक करें : www.hindustandailynews.com

कलमकारों से ..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी सम्पादक मोबाइल 09452137310 E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

error: Content is protected !!