दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें की बंद, सड़कों पर छाया सन्नाटा
रोहित गुप्ता
बलरामपुर। बलरामपुर में आयकर विभाग की टीम ने नगर के कई दुकानों पर छापेमारी की। इस छापेमारी से नगर के व्यापारियों में हड़कंप मच गया और दहशत में व्यापारियों ने अपनी अपनी दुकानें बंद कर दी। दुकानें बंद होने से नगर में सन्नाटा छा गया और बाजार की सड़कें सुनसान हो गई।
बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की टीम ने नगर के एक हार्डवेयर की दुकान में छापेमारी की। इस छापेमारी की सूचना मिलते ही व्यवसाई अपनी अपनी दुकानें बंद कर इधर उधर घूमने लगे। दूसरी तरफ छापेमारी की सूचना पर कुछ व्यापारी नेता मौके पर पहुंच गए और आयकर विभाग द्वारा की जा रही छापेमारी का विरोध करने लगे। काफी देर तक व्यापारियों नेताओं और आयकर विभाग की टीम में नोक झोंक होती रही।
आयकर विभाग की टीम द्वारा व्यापारी नेताओं को किसी तरह समझा बुझा कर कार्रवाई शुरू की गई। व्यापारी नेता संजय शर्मा ने कहा कि आयकर विभाग द्वारा आयकर विभाग द्वारा की जा रही छापेमारी से व्यापारियों में दहशत व्याप्त है। आयकर विभाग को चाहिए कि व्यापारियों को विश्वास में लेकर कार्रवाई करें।
दुर्व्यवहार ने करने की अपील की
उन्होंने कहा कि तमाम व्यापारियों के कागजात या तो घर पर रखे होते है या फिर वकील के पास इसलिए व्यापारी फौरन कागजात नहीं दिखा पाता है, इसलिए उसके साथ न दुर्व्यवहार किया जाना चाहिए और न ही उसका उत्पीड़न किया जाना चाहिए। यदि ऐसे होता है तो व्यापारी वर्ग खामोश नहीं बैठेगा।
आयकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर चंद्र केश गौतम ने बताया कि आयकर विभाग द्वारा की जा रही छापेमारी आम दुकानदार के यहां ना होकर जिन लोगों की शिकायत है या फिर जहां शंका है वहीं पर छापेमारी की जा रही है । किसी भी व्यापारी का किसी भी प्रकार से उत्पीड़न नही किया जाएगा। यदि किसी व्यापारी के पास कागजात मौके पर नहीं है तो वह व्यापारी कार्यालय पर आकर दिखाते हुए अपनी बात कह सकता है।

