– उत्तर प्रदेश युवा प्रजापति जागृति समिति के बैनर तले मंत्री ने मेधावियों को किया सम्मानित
सुलतानपुर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास राज्यमंत्री डॉ. धर्मवीर प्रजापति ने रविवार को कहाकि आमजन भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़ा है और 2022 में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी। एक्सप्रेस-वे से दूरियां कम हुई है तथा विकास के अनेक रास्ते तैयार होंगे।
सुलतानपुर में उत्तर प्रदेश युवा प्रजापति जागृति समिति के बैनर तले आयोजित सम्मान व सामाजिक समरसता कार्यक्रम में भाग लेने आये राज्यमंत्री श्री प्रजापति ने मेधावी छात्र छात्राओं, समाजसेवियों, चिकित्सकों, अधिवक्ता, पत्रकारों व चिकित्सकों को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया।
इस अवसर पर कहाकि केन्द्र में नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार में भ्रष्टाचार मुक्ति की ओर है। दोनों सरकारों ने देश से बहुत बड़ा भ्रष्टाचार खत्म किया है। आज हम जन कल्याणकारी योजनाओं का एक रुपया भी भेजते हैं तो पूरा एक रुपया लाभार्थी को मिलता है।
कहाकि एक समय कांग्रेस की सरकार के प्रधानमंत्री खुद कहते थे हम दिल्ली से जनता को एक रूपया भेजते हैं तो पंद्रह पैसे नीचे पहुंचता है। मोदी सरकार ने तमाम जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक शत प्रतिशत पहुंचाया है।
एक सवाल के जवाब में श्री प्रजापति ने पूरे दावे के साथ कहाकि उत्तर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग के लोगों में कोई भ्रम नहीं है, सभी भाजपा के साथ हैं। उन्होंने कहाकि वह सरकार में हैं इसलिए नहीं कह रहे, वह संगठन में भी मजबूत कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं। बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं तथा उत्तर प्रदेश की आम जनता सरकार के साथ है। 2022 में भारतीय जनता पार्टी की बहुमत में सरकार बनेगी।
कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत ही अच्छी है। पिछली सरकारों में शाम होने के साथ बहन बेटियों का निकलना मुश्किल होता था। आज देर रात तक भी बहन बेटियों सुरक्षित काम कर रही हैं। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश युवा प्रजापति जागृति समिति के प्रदेश अध्यक्ष मगरू प्रजापति, वीरेंद्र भार्गव आदि ने मंत्री जी को चांदी का मुकुट, तलवार, प्रतीक चिह्न व 51 किलो की माला भेंटकर स्वागत किया।
