Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआभूषण दुकान से चोरों ने पार किये दस लाख के जेवर

आभूषण दुकान से चोरों ने पार किये दस लाख के जेवर

– बीच शहर में हुई चोरी की वारदात से व्यापारियों में हड़कंप

– एसपी वृंदा शुक्ला ने कहा, जल्द होगा घटना का खुलासा

चित्रकूट (हि.स.)। जिले की सदर कोतवाली कर्वी अन्तर्गत पुरानी बाजार में अज्ञात चोरों ने सर्राफा की दुकान से लाखों के जेवर पार कर दिए। सुबह दुकान खोलते ही अंदर का नजारा देख दुकानदार के होश उड़ गये। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने पुलिस टीम को जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा करने के निर्देश दिए।

जिला मुख्यालय कर्वी शहर के बीचो-बीच मुख्य डाक घर के सामने स्थित सूरज आभूषण मंदिर नाम से रामविशाल सोनी की सर्राफा की दुकान है। दुकान में बीती देर रात अज्ञात चोरों ने बगल के घर से दुकान के ऊपर से घुस कर कई दरवाजों के ताले तोड़कर जेवरातों के शोरूम में रखे सोने-चांदी के करीब 10 लाख के जेवर पार कर पुलिस को चुनौती देने का काम किया है। बीच शहर में हुई इस चोरी की वारदात से व्यापारियों में खलबली मची हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर सोमवार को स्थानीय थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंची पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने अपर एसपी चक्रपाणि त्रिपाठी व सीओ हर्ष पांडेय को मामले की गहनता से जांच कर वारदात में शामिल चोरों की गिरफ्तारी कर घटना का अनावरण करने के निर्देश दिये हैैं।

पीड़ित सर्राफा व्यापारी रामविशाल सोनी ने दुकान के बगल में खेमराज के घर से चढ़ कर चोरों के घटना को अंजाम देने की आशंका जताई है। बताया कि दुकान के कई दरवाजों का ताला तोड़कर चोरों ने शोरूम में रखा करीब 10 लाख का माल पार कर दिया है। चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ओम केसरवानी, राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री शानू गुप्ता व प्रदेश मंत्री विनोद केशरवानी ने एसपी से शहर के अंदर हुई चोरी की घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की है। इसके अलावा शहर के सभी चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे एवं पुलिस कर्मियों की गश्त बढाने की बात कही है।

रतन

RELATED ARTICLES

Most Popular