गाजियाबाद (हि.स.)। आबकारी विभाग की टीमों ने दिल्ली से अवैध रूप से लाई जा रही शराब के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान इन टीमों ने छह शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 89.5 लीटर शराब बरामद की गयी। साथ ही सात अभियोग दर्ज कराए गए हैं।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जब से दिल्ली में शराब की कीमतें घटी हैं, तब से कुछ लोग यहां से शराब लाकर उत्तर प्रदेश में बेचते हैं। इससे विभाग को भारी राजस्व का नुकसान होता है। इस पर अंकुश लगाने के लिए विभाग ने इन दिनों विशेष अभियान चला रखा है। इसी कड़ी में रविवार को विभिन्न टीमों ने दिल्ली बॉर्डर, खोड़ा, ट्रांसपोर्ट नगर चेक पोस्ट, भोपुरा चेक पोस्ट के पास देर रात तक चेकिंग की। इस दौरान खोड़ा में चेकिंग के दौरान एक इकोवै 06 बोतल ऑल सीजन एवं 06 केन गॉडफादर बीयर के साथ प्रदीप एवं राजू को गिरफ्तार किया।
ट्रांसपोर्ट नगर में चेकिंग के दौरान जितेंद्र को स्कूटी पर परिवहन करते 02 बोतल सिग्नेचर एवं 08 कैन किंगफिशर बीयर तथा सचिन शर्मा को स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर 4 बोतल मैकडावेल नंबर वन के साथ गिरफ्तार किया है। इसी क्रम में शिवशंकर को 07 कैन किंगफिशर के साथ, आकाश को 06 बोतल रॉयल स्टैग के साथ कुलदीप को 06 बोतल रॉयल स्टैग के साथ गिरफ्तार किया है। यह शराब केवल दिल्ली राज्य में ही बिक्री के लिए अनुमन्य है।
फरमान अली
