मेरठ (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के बाद सपा ने भी मेरठ नगर निगम में महापौर पद के लिए महिला प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतार दिया है। सपा ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान को महापौर पद का प्रत्याशी घोषित किया है। ओबीसी के लिए आरक्षित सीट पर दो दलों द्वारा महिला प्रत्याशी उतारने से अब बसपा, भाजपा, कांग्रेस पर भी महिला प्रत्याशी उतारने का दबाव बढ़ गया है।
मेरठ जनपद में नगर निकाय चुनाव दूसरे चरण में आयोजित होंगे। इसके लिए 17 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और 11 मई को मतदान होगा। भाजपा, बसपा, कांग्रेस, रालोद में अभी प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। जबकि दो दिन पहले आम आदमी पार्टी ने महापौर पद के लिए सामाजिक कार्यकर्ता रिचा सिंह को प्रत्याशी घोषित कर दिया। आप सांसद संजय सिंह ने मेरठ आकर प्रत्याशी के नाम की घोषणा की। मेरठ में महापौर का पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। इसके बाद बुधवार की देर रात समाजवादी पार्टी ने भी महापौर पद के लिए अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी। सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान को महापौर प्रत्याशी घोषित किया।
सीमा प्रधान सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान की पत्नी है। वह 2015 में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गई थी। सपा में एक अन्य महिला भी टिकट की प्रबल दावेदार थी। मेरठ शहर से सपा विधायक रफीक अंसारी की पत्नी खुर्शीदा अंसारी भी टिकट की दावेदार थी, लेकिन बाजी सीमा प्रधान के हाथ आई। विधायक अतुल प्रधान ने भाजपा के दिग्गज नेता संगीत सोम को हराया था।
2017 में भी महिला चुनी गई थी महापौर
मेरठ नगर निगम में 2017 में महापौर का पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित था। उस समय भाजपा ने कांता कर्दम और बसपा ने सुनीता वर्मा को चुनाव लड़ाया था। बसपा की सुनीता वर्मा ने भाजपा प्रत्याशी को हराकर जीत हासिल की थी। इस बार महापौर का पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। इस बार भी दो राजनैतिक दलों ने महापौर पद पर महिला प्रत्याशी घोषित किए हैं। ऐसे में अभी तक प्रत्याशियों की घोषणा नहीं करने वाले दलों पर भी महिला प्रत्याशी उतारने का दबाव बनता जा रहा है। इंटरनेट मीडिया पर इसके लिए अभियान भी चलाया जा रहा है।
भाजपा, कांग्रेस व बसपा में चयन प्रक्रिया शुरू
भाजपा, बसपा, कांग्रेस और रालोद में इस समय प्रत्याशियों के चयन के लिए प्रक्रिया चल रही है। भाजपा के महापौर पद के प्रत्याशियों की घोषणा लखनऊ से होगी। पार्षदों के नाम लेने के लिए स्क्रीनिंग समिति की बैठक चल रही है। गुरुवार को मेरठ के पश्चिम क्षेत्र कार्यालय पर प्रभारी मंत्री व चुनाव प्रभारी धर्मपाल सिंह और महानगर प्रभारी पंकज सिंह की अध्यक्षता में स्क्रीनिंग के लिए दूसरे चरण की बैठक होगी। प्रत्येक वार्ड से तीन-चार नामों को छांटकर सूची बनाई जाएगी। इसके बाद नामों को लखनऊ भेजा जाएगा।
कुलदीप
