Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआप कार्यकर्ताओं ने अग्निपथ के खिलाफ किया विरोध-प्रदर्शन

आप कार्यकर्ताओं ने अग्निपथ के खिलाफ किया विरोध-प्रदर्शन

लखनऊ(हि.स.)। केन्द्रीय योजना अग्निपथ के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विरोध प्रदर्शन किया। अग्निपथ का विरोध करने के लिए पहले से आप ने ऐलान किया था, जबकि प्रदेश स्तर पर हुए प्रदर्शन में कम संख्या में आप कार्यकर्ता जुट पाये।

लखनऊ में प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ रहे आप कार्यकर्ताओं की पुलिस झड़प हुई। आप कार्यकर्ताओं को हजरतगंज परिक्षेत्र की सीमा में आने के बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया। नारेबाजी कर रहे आप कार्यकर्ताओं को पुलिसकर्मियों ने वज्र वाहन में लादकर इको गार्डन भेज दिया। आप कार्यकर्ताओं की संख्या कम होने के कारण यहां पर प्रदर्शन में दम नहीं दिखायी पड़ा।

लखनऊ के अलावा कानपुर, आगरा, गोरखपुर जैसे महानगरों से भी ऐसी ही तस्वीर सामने आयी, जहां अग्निपथ का विरोध करते हुए प्रदर्शन तो हुआ लेकिन उसमें संख्या कम होने के कारण प्रदर्शन असरदार नहीं रहा। प्रदेश में हुए सांकेतिक प्रदर्शन से आप ने अग्निपथ का विरोध किया तो पूरे प्रदेश में सौ से ज्यादा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।

आप के उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह ने अपने एक बयान में अग्निपथ योजना को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाला बताया था। इसके बाद ही अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शन का ऐलान करते हुए जिला इकाइयों पर इसकी जिम्मेदारी दी थी।

शरद

RELATED ARTICLES

Most Popular