लखनऊ (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि तारीख पर तारीख देने के बाद भी पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का काम पूरा नहीं हुआ है। भाजपा 2022 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए आधे अधूरे पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करने जा रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता संजय सिंह ने बयान जारी कर कहा है कि पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का काम पूरा नहीं हुआ है। उद्घाटन के बाद जब यह जनता के लिए चालू कर दिया जाएगा तो दुर्घटना होने की सम्भावनाएं बहुत अधिक होंगी। मगर भाजपा सरकार के पास साढे़ 4 साल में अपनी उपलब्धि बताने और दिखाने के लिए कुछ नहीं है तो जनता को भ्रमित करने के लिए अर्धनिर्मित पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करने जा रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि 2022 चुनाव को देखते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर राफेल का शो होगा। एक तरफ राफेल डील पर भ्रष्टाचार के तमाम आरोप लगे हैं। राफेल डील में कमीशन दिए जाने और 3 गुने दाम पर राफेल की खरीदारी जैसे भ्रष्टाचार के सवालों पर सरकार जवाब नहीं दे रही है। दूसरी तरफ चीन लद्दाख के बाद अरुणाचल प्रदेश की सीमा के अंदर गांव बसा चुका है, मगर प्रधानमंत्री एकदम चुप हैं। ना ही वह भ्रष्टाचार के सवालों पर जवाब दे रहे हैं और ना ही चीन को उसी की भाषा शैली में जवाब दे पा रहे हैं।
