Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआधी अधूरी परियोजनाएं हो जल्द पूर्ण, अन्यथा होगी सम्बन्धित के खिलाफ कार्यवाही...

आधी अधूरी परियोजनाएं हो जल्द पूर्ण, अन्यथा होगी सम्बन्धित के खिलाफ कार्यवाही : जिलाधिकारी

कानपुर देहात(हि.स.)। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता के 37 विकास कार्यक्रमों के अन्तर्गत बी, सी एवं डी श्रेणी में वर्गीकृत मदों/कार्यक्रमों की अद्यतन प्रगति, मार्गो को गड्ढामुक्त किये जाने की कार्यवाही के चलते 50 लाख रुपये एवं उससे अधिक लागत की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक का आयोजन किया।

बैठक में 37 विकास कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन के स्पष्ट निर्देश है कि जो विकास कार्य चल रहे है उन्हें शीघ्र पूर्ण किया जाये। इसमें जिस विभाग द्वारा कार्य लंबित पाया जायेगा उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी। वहीं, मार्गों के गड्ढामुक्त की समीक्षा करते हुए बताया गया कि मंडी समिति की दो मार्गों का कार्य पूरा हो गया है। नोडल विभाग पीडब्लूडी द्वारा उसे पोर्टल पर फीड न किये जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर करते हुए शीघ्र ही पोर्टल पर फीड करने के निर्देश दिये तथा दो मार्गों के कार्य में अभी कोई कार्यवाही न किये जाने पर भी जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारी को निर्देशित किया कि कार्य शीघ्र प्रारंभ करें।

वहीं, सिंचाई विभाग की सड़कों में कार्य कार्य प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो सड़के गड्ढा मुक्त होनी है। उन्हें शीघ्र पूर्ण करें। आरईडी के द्वारा 900 मीटर की सड़क के कार्ययोजना पोर्टल पर फीड कर दिये जाने परन्तु अभी तक कार्य में कोई प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने आरईडी के अभियन्ता पर कड़ी फटकार लगाते हुए कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिये।

वहीं, 50 लाख रुपये के ऊपर की लागत की योजनाओं की समीक्षा करते हुए जुगराजपुर सीएचसी, मिनी स्टेडियम, कैनाल पम्प योजना, संदना पुल, रूरा ओवरब्रिज आदि परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शीघ्र ही अधूरी परियोजनाओं को पूर्ण करें, तथा जिस परियोजना के मद में बजट नहीं है तो उसे पत्राचार कर बजट की मांग करें, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जायेगी।

जिलाधिकारी ने सहायक श्रमायुक्त अवधेश कुमार वर्मा को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में चल रही परियोजनाओं का भ्रमण कर वहां के मजदूरों के लिए क्या व्यवस्था ठेकेदार द्वारा की गयी है अगर मानक के अनुरूप न पायी जाये तो उसके खिलाफ कार्यवाही अवश्य करें, इसमें लापरवाही न की जाये। बैठक में मुख्य बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी सौम्या पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, डीएसटीओ शीश कुमार आदि अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular