ओम राउत द्वारा निर्देशित फिल्म ‘आदिपुरुष’ को रिलीज हुए 10 दिन हो गए। यह फिल्म 16 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। पहले तीन दिन तक बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने वाली इस फिल्म की कमाई में चौथे दिन से गिरावट शुरू हो गई जो अभी भी जारी है। लेकिन इन सबके बीच रविवार 25 जून को देखा गया कि फिल्म की कमाई 24 जून के मुकाबले थोड़ी बढ़ गई।
शनिवार को फिल्म ने 5.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, अब रविवार के आंकड़े सामने आ गए हैं। शनिवार को राजस्व में मामूली वृद्धि हुई है। सैकनिल्क की शुरुआती ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘आदिपुरुष’ की कमाई में रविवार को मामूली बढ़ोतरी देखी गई और इसने बॉक्स ऑफिस पर करीब 6 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इसके बाद अब फिल्म का कुल कलेक्शन 274.55 करोड़ रुपये हो गया है।
600 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनी ‘आदिपुरुष’ रिलीज के 10 दिन बाद भी 300 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंचने से कोसों दूर है। फिल्म की कमाई की रफ्तार को देखते हुए 300 करोड़ क्लब में शामिल होना भी मुश्किल हो गया है। भले ही मेकर्स ने विवादित डायलॉग को बदल दिया है लेकिन फिल्म को इससे कोई खास फायदा नहीं हुआ है।
इस बीच, फिल्म अपने पहले ही दिन नकारात्मक समीक्षा और विवादास्पद संवादों के कारण विवादों में आ गई। बाद में डायलॉग भी बदले गए, लेकिन इससे मेकर्स को कोई फायदा नहीं हुआ। पहले दिन दुनियाभर में 140 करोड़ का बिजनेस करने वाली यह फिल्म अब सिंगल डिजिट की कमाई पर अटक गई है। अब यह देखना अहम होगा कि 300 करोड़ के क्लब में शामिल हो सकती या नहीं।
लोकेश चंद्रा/संजीव
