मुरादाबाद (हि.स.)। आदर्श होली समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को दुल्हैंडी के दिन हाथी वाले मंदिर कानूनगोयान से सादगी के साथ रंग का जुलूस निकाला गया। इसमें शामिल झांकियां भक्ति की बयार के साथ होली का उत्साह बढ़ाती रहीं। जिन क्षेत्रों से जुलूस निकला, वहां रंग थमता गया।
जुलूस समिति के बैनर और चार घोड़ों पर भारतीय सैना के रूप में चार युवक शामिल रहे। गणेश जी की झांकी और उसके पीछे बग्गी पर संस्थापक स्व. केके सिंघल का फोटो रहा। नृत्य करती राधा कृष्ण की झांकी और गणेश भगवान, भगवान शंकर, बजरंगबली तथा काली माता की झांकी भी लोगों को आकर्षित करती रही। बीच-बीच में ढोल थाप पर लोग झूमते रहे। बैंड से होली और देश भक्ति के गीत गूंजते रहे। इनसे से आगे रंग का ठेला होली के मतवालों पर रंग बरसाता चलता रही।
जुलूस की खास बात यह रही कि रास्ते में मिलने वाले मुस्लिम भाइयों पर रंग की जगह फूल बरसाकर अभिवादन किया गया। जुलूस पान दरीबा, मंडी चौक, बर्तन बाजार, चौमुखा पुल, कोतवाली, गंज गुरहट्टी होता हुए कोर्ट रोड स्थित दुर्गा मंदिर पहुंच कर संपन्न हुआ। जिन क्षेत्रों से जुलूस निकलता गया। अधिकांश में रंग थमता गया और लोगों ने स्नान आदि शुरू कर दिया। इसमें संरक्षक विजय मदान, अतुल रस्तोगी, महेश कत्याल, नीरज बंसल, कुष्ण कुमार रस्तोगी और अध्यक्ष अभिनव सिंघल सहित आकाश रस्तोगी, समीर शर्मा, नीरज गुप्ता, अजय कक्कड़, सुनील गुलाटी, रनित भटनागर आदि शामिल रहे।
निमित जायसवाल
