प्रतापगढ़ (हि.स.)। जनपद के लालगंज कोतवाली क्षेत्र से आठ वर्ष की बच्ची को अपहरण करने वाले आरोपित से पुलिस ने सकुशल बरामद किया है। शनिवार को कोतवाली पुलिस ने मामले का खुलासा किया। एक आरोपित को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ में जुटी है।
शराब के नशे में आठ साल की बच्ची को खेलते समय अगवा कर लिया। बच्ची के अगवा होने की जानकारी होते ही घर गांव के साथ आसपास के गांवों में भी आक्रोश व तनाव का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस ने पूरी रात मशक्कत कर शनिवार की सुबह बच्ची को सुरक्षित बरामद करने में सफलता हासिल की। कोतवाली के कोडरा मांदूपुर गांव में होली की शाम बच्चे खेल रहे थे। इस बीच करीब सात बजे गांव का बोभन सिंह उर्फ विष्णु प्रताप सिंह पुत्र भगवान बक्श सिंह वहां पहुंच गया। नशे में टल्ली बोभन ने गांव के अजय पाल की आठ वर्षीया बेटी को अगवा कर लिया। बच्ची का मुंह दबाकर बोभन को ले जाते देख वहां मौजूद अन्य बच्चे चीखने चिल्लाने लगे। इस पर गांव के लोग इकटठा हो गये।
मासूम के अपहरण की जानकारी होते ही परिजन बदहवाश हो उठे। देर रात जानकारी होने पर एएसपी पश्चिमी रोहित मिश्र भी गांव पहुंचे और कोतवाली पुलिस को घटना के खुलासे के निर्देश दिये। गांव में पुलिस ने ग्रामीणों तथा खेल रहे बच्चों के बताये गये लोकेशन के आधार पर बोभन की तलाश में जुट गयी। इधर बोभन बच्ची को लेकर दूसरी दिशा में मांदूपुर बाग पहुंच गया। इधर बोभन का नशा काफूर हुआ तो वह सुबह करीब तीन बजे गांव पहुंच गया। गांव में उसकी आहट सुन लोग पीछा करने लगे। इस बीच कोतवाली पुलिस ने आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस जहां आरती को सकुशल बरामद करने में हलाकान थी वहीं आक्रोशित ग्रामीणों के भी आरोपी की तलाश में पीछा करने से वह पसीने से तर बतर हो उठी थी। इधर पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो बोभन ने बच्ची के बाग में होने की जानकारी दी। पुलिस तड़के आरोपी द्वारा बताये गये स्थान पर पहुंची तो एक घर के पास बच्ची रोते हुए मिली।
पुलिस ने घटना को लेकर शुक्रवार की रात ही आरती के चाचा मुन्ना पाल की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया था।थानाध्यक्ष कमलेश पाल का कहना है कि आरती के बयान के बाद मुकदमें में फिरौती व जानलेवा धमकी की धाराओं मे बढ़ोत्तरी की जाएगी। हालांकि पुलिस घटना को लेकर अभी भी आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है।
दीपेन्द्र
