मेरठ(हि.स.)। मेडिकल थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में पुलिस ने शनिवार को नकली बीज बनाने की फैक्ट्री पर छापा मारा। छापे के दौरान आठ लाख रुपए कीमत के नकली बीज बरामद हुए। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
मेडिकल थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में घर के अंदर सिजेंटा कंपनी के नकली प्रोडक्ट तैयार किए जा रहे थे। शनिवार को सिजेंटा कंपनी की मैनेजर भारती शर्मा के साथ मेडिकल पुलिस ने छापा मारकर नकली बीज बनाने की फैक्ट्री पकड़ी। मौके से लगभग आठ लाख रुपए कीमत का नकली बीज बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपित पुलकित रस्तोगी को गिरफ्तार किया है। कंपनी मैनेजर भारती शर्मा ने बताया कि शास्त्रीनगर के ब्लॉक में पुलकित रस्तोगी अपने घर में ही सिजेंटा कंपनी के करेला, गोभी, टमाटर, मिर्च के नकली बीज और कीटनाशक तैयार कर रहा था। आरोपित ऑनलाइन शॉपिंग ऐप के जरिए पूरे देश में इन नकली बीजों और कीटनाशक को बेच रहा था। थानाध्यक्ष मेडिकल योगेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपित के पास से रिकॉर्ड कब्जे में ले लिया गया है, जिससे उसके द्वारा अभी तक बेचे गए बीज और कीटनाशक का पता चल सकेगा। आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कुलदीप/सियाराम
