Wednesday, January 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआज के समय में विपक्ष की राजनीति आसान नहींः सुप्रिया श्रीनेत

आज के समय में विपक्ष की राजनीति आसान नहींः सुप्रिया श्रीनेत

-सरकार उन मुद्दों से मुंह छिपा रही है जिससे देश की जनता कराह रही

वाराणसी (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोमवार को पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज के समय में विपक्ष की राजनीति आसान नहीं है । पार्टी छोड़ने वाले नेताओं के पिछले आठ साल का रिकॉर्ड भी देखना चाहिए कि उन्होंने कितना विरोध किया। सुप्रिया श्रीनेत यहां पार्टी के भारत जोड़ो यात्रा के संदर्भ में मीडिया कर्मियोें से बातचीत कर रही थी। केन्द्र सरकार पर बरसते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल, कागज, कपड़े, कलम, दूध, दही जैसे आम जरूरतों की चीजों के दाम बढ़ाकर सरकार ने जनता की कमर तोड़ दी है। सरकार उन मुद्दों से मुंह छिपा रही है जिससे देश की जनता कराह रही है।

सुप्रिया ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी भारतीयों को समृद्धि का सपना दिखाया था। पर ठीक इसके विपरीत पिछले 8 सालों में महंगाई, बेरोजगारी, सामाजिक तनाव और ध्वस्त होती संस्थाओं का एक भयानक मंजर इस देश को दिखाया। राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया ने पार्टी के शुरू किए जा रहे भारत जोड़ो यात्रा की विस्तार से जानकारी देकर बताया कि सात सितंबर से भारत जोड़ो यात्रा के साथ हम इस दिशा में अगला कदम उठाने जा रहे हैं। इस यात्रा में भारत के सामने मौजूद गंभीर विषयों पर देशवासियों के साथ सीधा संवाद किया जाएगा। हम 150 दिनों में कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3500 किमी का रास्ता तय करेंगे और देश भर में लाखों लोगों के मन की बात सुनेंगे। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में शामिल होने के लिए कोई भी व्यक्ति भारत जोड़ो यात्रा डॉट इन पर पंजीकरण करा सकता है। इसके साथ ही टोल फ्री नंबर 9999980200 पर मिस्ड काल करके यात्रा से जुड़ सकता है। अभी तक 40,000 लोग पंजीकरण करा चुके हैं।

-भारत जोड़ो यात्रा तीन प्रमुख समस्याओं पर केन्द्रित

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आर्थिक असमानताएं, सामाजिक तनाव, अत्यधिक राजनीतिक केंद्रीकरण, हक़ का हनन पर केन्द्रित है। इन समस्याओं के खिलाफ सभी भारतीयों को एकजुट करने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है। पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक अजय राय, महंत राजेन्द्र प्रसाद तिवारी, प्रदेश प्रवक्ता संजीव कुमार सिंह आदि भी उपस्थित रहे।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular